पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है. पटियाला जिले की दो विधानसभा सीटों से पार्टी के विधायकों ने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. इनमें सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना से विधायक एवं पूर्व मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा शामिल हैं. दोनों विधायकों ने आज पार्टी छोड़ने का ऐलान किया.

Continues below advertisement

दोनों विधायकों के आज चंडीगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा के दौरान बीजेपी में शामिल होने की चर्चा है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पार्टी छोड़ने के बाद दोनों विधायक शाम 4:30 बजे चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस दौरान वे पार्टी से इस्तीफा देने की वजह भी बताएंगे.

पंजाब चुनाव को लेकर बड़ा दावा, कांग्रेस ने एक तस्वीर से दिए कई संदेश

Continues below advertisement

चेतन सिंह जौड़ामाजरा से छिन गई थी अहम जिम्मेदारी

चेतन सिंह जौड़ामाजरा आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्री रह चुके हैं. हालांकि, कुछ समय पहले पार्टी ने समाना विधानसभा सीट पर उनकी जगह पूर्व अकाली नेता सुरजीत सिंह रखड़ा को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंप दी थी. इसके बाद से ही पार्टी में उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे थे.

रेप केस में गिरफ्तार हुए थे हरमीत सिंह पठानमाजरा

वहीं, सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा भी विवादों में रहे हैं. उनके खिलाफ रेप का केस दर्ज हुआ था. इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया चले गए थे. बाद में जांच में शामिल होने के लिए भारत लौटने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था.

दलजीत सिंह मौत मामले में SAD ने सरकार को घेरा, PM रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

पंजाब की राजनीति में बढ़ी हलचल

दो विधायकों के एक साथ इस्तीफा देने से पंजाब की राजनीति और आम आदमी पार्टी में हलचल तेज हो गई है. इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में अब सभी की नजरें शाम 4:30 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं. ऐसा माना जा रहा है कि दोनों विधायक यहां अपने इस्तीफे की वजह और अपनी आगे की राजनीतिक रणनीति को लेकर खुलकर बात कर सकते हैं.