मुंबई की महापौर रितु तावडे ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में ऐसा दावा किया है, जिसने लोगों के बीच चर्चा छेड़ दी है. उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से गले की गंभीर समस्या से जूझ रही थीं, लेकिन एक “गुरुदेव” के आशीर्वाद से उन्हें राहत मिली. तावडे ने बोरीवली में आयोजित एक कार्यक्रम में बताया कि करीब दो साल तक उन्हें गले की बीमारी ने परेशान किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने इलाज भी कराया और नियमित दवाइयां लीं, लेकिन कोई खास फायदा नहीं हुआ. इस वजह से उनकी आवाज भी पहले जैसी नहीं रही थी और वह काफी परेशान थीं.
इलाज के बावजूद भी नहीं हो रहा था सुधार- तावडे
उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी समस्या के बारे में “परम गुरुदेव” को बताया था. तावडे के मुताबिक, उस समय वह काफी मानसिक तनाव में भी थीं क्योंकि इलाज के बावजूद सुधार नहीं हो रहा था.
जैन पुजारी के आशीर्वाद के बाद हुआ सुधार
महापौर ने एक जैन पुजारी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद के बाद उनकी हालत में सुधार शुरू हुआ. उन्होंने इसे चमत्कार जैसा अनुभव बताया. तावडे ने कहा, “उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया और आज मैं आपके सामने ठीक से बोल पा रही हूं. पहले मैं बहुत कष्ट में थी, लेकिन अब मेरी आवाज वापस आ गई है.”
मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने क्या कहा?
इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा भी मौजूद थे. उन्होंने भी इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि तावडे को गुरुदेव का आशीर्वाद मिलने के बाद ही उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए. लोढ़ा ने आगे बताया कि बीजेपी नेता अमित साटम ने उन्हें यह भी बताया कि गुरुदेव से मिलने के बाद तावडे पहले पार्षद बनीं और बाद में महापौर का पद संभाला. उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के आशीर्वाद के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी मिली.
