मध्य प्रदेश कांग्रेस के विधायक हेमंत कटारे ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी के उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी के नामांकन को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई हैं. ये जानकारी मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पोस्ट के जरिए दी है. उन्होंने कहा कि हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. हेमंत कटारे अटेर विधानसभा सीट से विधायक हैं.

Continues below advertisement

जीतू पटवारी के मुताबिक, विधायक हेमंत कटारे ने रिटर्निंग ऑफिसर के सामने जो आपत्तियां दर्ज कराई हैं, उनमें हलफनामे में पत्नी के नाम और संपत्ति का विवरण नहीं दिया गया. जेनेवा स्थित अपार्टमेंट और विदेशी बैंक खातों की संपत्ति के विवरण एवं उसके मूल्यांकन पर सवाल हैं. नामांकन के शपथ पत्र की नोटरी प्रक्रिया की वैधानिकता भी कठघरे में है.

हलफनामे में ही इतनी गंभीर विसंगतियां क्यों- जीतू पटवारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, "जिस उम्मीदवार को बीजेपी राज्यसभा भेजना चाहती है, उसके हलफनामे में ही इतनी गंभीर विसंगतियां क्यों हैं? नैतिकता और पारदर्शिता का पाठ पढ़ाने वाली भाजपा इन सवालों का जवाब देगी या सत्ता के दम पर सब कुछ दबाने की कोशिश करेगी? चुनाव आयोग से मांग है कि सभी आपत्तियों की निष्पक्ष/गंभीर जांच हो, क्योंकि नियम और कायदे सभी के लिए बराबर हैं!"

Continues below advertisement

31 अक्टूबर को हरदीप पुरी ने दाखिल किया था नामांकन

मध्य प्रदेश में 12 नवंबर को राज्यसभा चुनाव होने हैं. 31 अक्टूबर को नामांकन दाखिल किया था. बीजेपी ने  28 अक्टूबर को पुरी की उम्मीदवारी की घोषणा की थी. केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद राज्यसभा की यह सीट खाली हुई थी.

नामांकन दाखिल करने की समयसीमा 2 नवंबर 2026 को खत्म हो चुकी है. स्क्रूटनी आज 3 नवंबर 2026 को होनी है. 5 नवंबर 2026 तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं. 

धीरेंद्र शास्त्री को मिला शहनाज अख्तर का साथ, कहा- बिना वजह मुद्दा बनाया जा रहा