बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विजयादशमी और दशहरा के मौके पर मंगलवार (20 अक्टूबर) को प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने बेरोजगारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध और भ्रष्टाचार को बिहार का दशानन बताया. तेजस्वी ने लोगों से इन समस्याओं को खत्म करने का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि बिहार में ऐसी व्यवस्था बननी चाहिए, जिसमें हर हाथ को काम मिले और हर घर खुशहाल बने.

Continues below advertisement

तेजस्वी एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- विजयादशमी बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है. इस दिन बिहार की समस्याओं को दूर करने का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने बेरोजगारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, बाढ़, सुखाड़ और कुशासन को राज्य के विकास में बाधा बताया. उन्होंने कहा कि ये समस्याएं बिहार को अंदर से खोखला कर रही हैं.

यह भी पढ़ें- पटना में सपना चौधरी का धमाकेदार डांस, ठुमके पर झूम उठे दर्शक

Continues below advertisement

चार करोड़ लोगों के पलायन का किया दावा

राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी ने बिहार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में बिहार देश के सबसे पिछड़े राज्यों में है. प्रदेश के कई लोगों को अच्छे स्कूल, सड़क और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. तेजस्वी ने दावा किया कि सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, करीब चार करोड़ बिहारवासी हर साल काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करते हैं.

पोषण और महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया

तेजस्वी यादव ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि बिहार में माताओं, बहनों और बेटियों में खून की कमी की समस्या गंभीर है. बड़ी संख्या में बच्चे बौनेपन के शिकार हैं. कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने हाल के दिनों में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं का जिक्र किया. उन्होंने अपराध पर नियंत्रण और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत बताई.

‘पढ़ाई, दवाई, कमाई और सुनवाई’ वाली व्यवस्था की मांग

तेजस्वी ने बिहार में पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई पर आधारित व्यवस्था बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि राज्य में विकास और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए. दशहरा के अवसर पर उन्होंने बिहार सहित देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की समस्याओं के खिलाफ एकजुट होने की अपील की.

यह भी पढ़ें- मोहन भागवत को देश में अशांति की आशंका, मनोज झा बोले- यह गांधी का देश...