बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार (04 नवंबर) को नीतीश कुमार से मुलाकात की. मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री की तरफ से बधाई देने आया था. हम लोगों ने बिहार में गाद नीति का निर्माण किया है. नीतीश कुमार ने इस मुद्दे को बार-बार उठाने का काम किया था. उनको बधाई दी कि आपके जो काम थे, सपने थे, उसको पूरा किया जा रहा है.
सीएम ने कहा, "राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रधानमंत्री के निर्देश पर दिल्ली के पथ परिवहन विभाग के द्वारा हम लोगों के साथ समझौता किया गया... गाद निकालने का काम पथ परिवहन मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा किया जाएगा. बधाई देता हूं कि नीतीश कुमार ने सुशासन दिया है… व्यवस्था दी है… बिहार से संगठित अपराध को मुक्त किया है."
बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराध को लेकर दिए अपने कल (मंगलवार) के बयान में एक तरह से आज बदलाव किया है. आज उन्होंने अपराध को संगठित अपराध बताया लेकिन इससे पहले दिल्ली में उन्होंने यह कहा था कि बिहार में अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो गया. अपराध नहीं है. क्राइम है.
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह बेटी की शादी के दिन कराएंगे प्रतियोगिता, जीतने वाले को देंगे थार
बिहार को बताया विकसित राज्य
आज (बुधवार) पटना में मीडिया से बातचीत में सीएम सम्राट ने बिहार को विकसित राज्य बताया. कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के सुशासन को लगातार हम लोग आगे बढ़ा रहे हैं. प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में और नीतीश कुमार के सहयोग से एक राज्य जो विकसित हो सकता है उसे आगे बढ़ा रहे हैं.
दिल्ली प्रवास के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, "हम लोगों ने कई मंत्रियों से मुलाकात की है… रेल मंत्री से मुलाकात की कि छठ-दिवाली पर जो लोग बिहार आते हैं उनको सुविधा मिले. पिछली बार भी 10 हजार से अधिक ट्रेन चलाई गई थी. इस बार भी आग्रह किया है कि संख्या और बढ़ाई जाए.
यह भी पढ़ें- असम सरकार के बहुविवाह वाले फैसले पर JDU बोली- 'दशरथ ने 3 शादियां की थीं'
