बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने एक बयान को लेकर विवादों में आ गए हैं. मंगलवार (03 नवंबर, 2026) को दिल्ली के ताज होटल में बिहार सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के बीच MoU पर हस्ताक्षर कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो गया है. राज्य में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं.
यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने ट्रोल करना शुरू कर दिया है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी वीडियो साझा कर मुख्यमंत्री को 'नमूना' कह दिया है.
सम्राट चौधरी दिल्ली में बिहार सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के कार्यक्रम में शामिल हुए थे. इसी दौरान कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं." उन्होंने दावा किया कि राज्य में अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो चुका है.
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी को गिरिराज सिंह ने बताया झूठ का 'ठेकेदार', बोले- मुकदमा चले
सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल
मुख्यमंत्री के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कई यूजर्स उनके शब्दों और दावे को लेकर सवाल उठा रहे हैं. विपक्षी नेताओं ने भी इसे बिहार की कानून-व्यवस्था से जोड़कर सरकार पर हमला बोला है. सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
तेजस्वी यादव ने वीडियो शेयर कर कसा तंज
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, "बिहार में 'क्राइम' हो सकता है, 'अपराध’ नहीं." उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से चुना गया मुख्यमंत्री बताया. वहीं नमूना तक कह दिया. तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी पर सात हत्याओं के मामले हैं.
प्रधानमंत्री मोदी पर भी उठाए सवाल
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में मंच पर मौजूद अधिकारियों को लेकर भी सवाल किया. उन्होंने पूछा कि IAS और IPS अधिकारी मुख्यमंत्री के साथ काम करके खुद को सम्मानित समझते हैं या अपमानित? इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा. अंत में सवाल पूछा- क्या पीएम नरेंद्र मोदी ने इस आदमी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की सुपारी ले रखी है?
यह भी पढ़ें- 'कॉकरोच का भी चेहरा बेनकाब हो गया', BJP के इस नेता का बड़ा बयान
