बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सीजेपी और राहुल गांधी पर निशाना साधा है. गिरिराज सिंह ने कहा, एक कॉकरोच था और उसका भी चेहरा बेनकाब हो गया. ये लोग देश के अंदर अराजकता का माहौल बनाना चाहते थे.
गिरिराज सिंह ने कहा, "राहुल गांधी देश में सिविल वॉर कराना चाहते थे. ये चाहते थे कि देश के अंदर पुलिस गोली चलाए. यही उनका मकसद रहा और इसका पर्दाफाश हुआ. इसमें बाहरी ताकतें भी लगी हुई थीं."
उन्होंने दावा किया कि इस साजिश में बाहरी ताकतों के साथ-साथ कट्टरपंथी तत्व, शाहीन बाग के लोग और दिल्ली यूनिवर्सिटी मुस्लिम स्टूडेंट्स संगठन के लोग शामिल थे.
मुंबई की घटना का किया जिक्र
आगे गिरिराज सिंह ने कहा कि अभी मुंबई से एक मामला सामने आया है, जिसमें कहा गया कि गैर-मुसलमानों की दुकानों को लूटा जाएगा और आग लगाई जाएगी. कौन थे ये लोग? यानी कट्टरपंथी तत्व भी इसमें घुस गए थे. जो पहली बार दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुआ, उसमें शाहीन बाग के लोग भी साथ थे.
उन्होंने कहा कि मुझे कहने में कोई परहेज नहीं है. किसी मुस्लिम संगठनों के लोगों ने इस बात को कहने में परहेज किया कि दिल्ली की पहली घटना में दिल्ली के कुछ मुस्लिम नवयुवकों का काफी योगदान रहा, जो कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित थे. ये देश के अंदर वही माहौल बनाना चाहते थे जो दुनिया के दूसरे देशों में देखने को मिला. चाहे फ्रांस हो, श्रीलंका हो, बांग्लादेश हो या नेपाल, वैसी स्थिति भारत में पैदा करने की साजिश थी. इसका खुलासा एक प्रतिष्ठित अमेरिकी न्यूज संस्थान ने भी किया.
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी को गिरिराज सिंह ने बताया झूठ का 'ठेकेदार', बोले- मुकदमा चले
उन्होंने कहा कि जब यह सब खुल गया, तो इनके टूल कौन बन गए? राहुल गांधी. आप याद कीजिए, वे नेता प्रतिपक्ष की तरह बात नहीं करते थे. वे कहते थे, "मोदी हट जाएगा, तीन महीने में हट जाएगा." यानी उनके दिमाग में था कि कोई बड़ा आंदोलन होगा, सिविल वॉर होगा और सरकार हट जाएगी.
बीजेपी नेता ने कहा कि यह देश एक लोकतांत्रिक देश है. यह लोकतंत्र से चलेगा. यह गांधी का देश है, बुद्ध का देश है. यह अहिंसा का देश है. यहां हिंसा नहीं चलेगी. यहां संविधान और बाबा साहेब आंबेडकर के बनाए कानून से देश चलेगा. आपको सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा करना चाहिए. आप किसको मूर्ख बना रहे हैं?
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि ये लोग देश के विकास को रोकना चाहते हैं, आर्थिक नाकाबंदी करना चाहते हैं. भारत का नौजवान स्वामी विवेकानंद को अपना आदर्श मानता है. उसका आदर्श बांग्लादेश जैसी अराजक स्थिति नहीं हो सकती.
यह भी पढ़ें- नफरती लोग पहले इंसान को बांटते थे, अब भगवान को... धीरेंद्र शास्त्री पर तेजस्वी का हमला
