मोकामा से जदयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह की रिहाई का काउंटडाउन अब खत्म हो गया है. सोमवार (23 मार्च) को अनंत सिंह पटना के बेऊर जेल से रिहा हो जाएंगे. दुलारचंद हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई है और दोपहर 2 बजे के बाद उनके बाहर आने की संभावना है. जेल से निकलकर वे सीधे अपने सरकारी आवास जाएंगे, जहां समर्थकों का जमावड़ा रहेगा.

Continues below advertisement

वहीं अनंत सिंह की रिहाई को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. बेऊर जेल के बाहर और उनके आवास पर भव्य स्वागत की तैयारी की गई है, जहां बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचेंगे. प्रशासन भी भीड़ को देखते हुए सतर्क है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

मोकामा में रोडशो और पूजा का कार्यक्रम

रिहाई के बाद अनंत सिंह 24 मार्च को मोकामा के लिए रवाना होंगे. इस दौरान वे रोडशो करेंगे और बड़हिया महारानी स्थान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. रास्ते में कई जगह उनके समर्थक स्वागत करेंगे, जिससे पूरे इलाके में राजनीतिक माहौल गरमाने की संभावना है.

Continues below advertisement

दुलारचंद हत्याकांड और गिरफ्तारी का पूरा घटनाक्रम

गौरतलब है कि पिछले साल 30 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी. इसके बाद 1 नवंबर को पटना एसएसपी ने बाढ़ के लदमा स्थित विधायक आवास से अनंत सिंह को गिरफ्तार किया था और 2 नवंबर को उन्हें बेऊर जेल भेज दिया गया था. करीब चार महीने जेल में रहने के बाद अब उन्हें जमानत मिली है.

जमानत की शर्तें और कोर्ट की टिप्पणी

पटना हाईकोर्ट के जस्टिस रुद्र प्रकाश मिश्रा की एकलपीठ ने सुनवाई के बाद शर्तों के साथ जमानत दी है. कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अगर अनंत सिंह गवाहों को प्रभावित करने या धमकाने की कोशिश करते हैं तो उनकी जमानत तुरंत रद्द हो सकती है. साथ ही, उन्हें हर सुनवाई में कोर्ट में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा.