बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के डॉ. संजीव सिंह की जीत पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि इस सीट पर नवल किशोर यादव पिछले 30 साल से प्रतिनिधित्व करते रहे थे. साल 1996 से यह सीट बीजेपी का गढ़ रही है, लेकिन अब एमएलसी चुनाव में बीजेपी का यह किला ढह गया है.

Continues below advertisement

तेजस्वी यादव ने कहा कि जो लोग चुनाव जीते हैं, वे सदन में आवाज उठाने का काम करेंगे. हम लोग कई वर्षों से इस सीट पर जीत हासिल नहीं कर पाए थे. आज खुशी की बात है कि हमने बीजेपी के 30 साल पुराने किले को ढहा दिया है. हम एक सीट पर जीते हैं, लेकिन सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे.

'चुनाव आयोग की तरफ से नहीं रखी गई पारदर्शिता' 

वहीं तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की तरफ से पारदर्शिता नहीं रखी जा रही थी और सीसीटीवी की व्यवस्था भी नहीं थी. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग बीजेपी के इशारे पर नाच रहा है. जो संस्थाएं बैठकर बीजेपी के लिए काम कर रही हैं, हम उनका विरोध कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की रैली में हम लोग शामिल होंगे और अपनी बात जनता के सामने रखेंगे.

Continues below advertisement

तेजस्वी यादव ने कहा कि जो खुलासे हुए हैं, उन पर बीजेपी के लोग जवाब नहीं दे रहे हैं और मौन हैं. कई ग्रेजुएट मतदाताओं के वोट नहीं जोड़े गए. उन्होंने कहा कि अगली बार से हम और मजबूती से लड़ेंगे. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चोर मचा रहा है शोर. आप सभी संस्थाओं को बेच रहे हैं और खरीद रहे हैं. बीजेपी में जाते ही सब धुल जाते हैं, जबकि जो बीजेपी में नहीं जाता, उस पर कार्रवाई होती है. बीजेपी संविधान खत्म कर रही है और सब कुछ बेच दिया है, अब बचा क्या है. बीजेपी मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है.

Bihar MLC Election Results: एमएलसी चुनाव में किसने मारी बाजी? पटना से दरभंगा तक जानें पूरा अपडेट

'शिक्षक सीट पर चार सीटों में से एक-एक सीट सभी को मिली'

तेजस्वी यादव ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों में से एक-एक सीट सभी को मिली है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग शुरू से फर्जी वोटर बनाते रहे हैं. कोर्ट के जरिए 5,500 वोट खत्म कराए गए. उन्हें लगता है कि कई अन्य क्षेत्रों में भी फर्जीवाड़ा किया गया है और फर्जी वोटर बनाए गए हैं. तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दो नंबरी सरकार और 10 नंबरी मुख्यमंत्री से आप क्या उम्मीद कर सकते हैं.

व्यापारी संगठन की ओर से रैली का विरोध किए जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि फिर तो कह देना चाहिए कि देशभर में कोई रैली ही न हो. नेताओं को घर बैठा देना चाहिए और कार्यकर्ताओं को छुट्टी दे देनी चाहिए.