MP Sanjay Jha: बिहार में इसी साल चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है. तमाम पार्टियां एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लगी हैं. वहीं सत्ता पक्ष और विपक्ष क्राइम और कानून व्यवस्था को लेकर भी एक दूसरे पर हमलावर है. इस बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने के बयान ने एनडीए में हलचल पैदा कर दी है. इसे लेकर संजय झा ने भी बड़ा बयान दिया है, उनके मुताबिक चिराग पासवान ने कहा है कि एनडीए 243 पर लड़ेगी. गठबंधन पूरी तरह मजबूत है.
लालू प्रसाद पर क्या बोले संजय झा
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव पर जेडीयू सांसद संजय झा ने कहा, "सब कुछ एकदम सही है. जैसे हमने लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था, वैसे ही पूरा एनडीए सभी 243 विधानसभा सीटों पर भी साथ मिलकर चुनाव लड़ेगा." वहीं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के पोस्ट पर जेडीयू के राज्यसभा सांसद संजय झा ने बड़ा हमला किया और कहा है कि वह अपना समय भूल गए, सारे क्रिमिनल तो वही मिलेंगे.
संजय झा ने कहा कि "लालू जी कहां से फिगर लेकर के क्या-क्या बोल रहे हैं, लेकिन बिहार के लोग तो कुछ नहीं भुला है. किस तरह से किडनैपिंग होता था, किस तरह से सारे उद्योगपति यहां से भाग गए थे. किस तरह यहां से सारे डॉक्टर ,सारे प्रबुद्ध लोग जो थे उनके समय में पलायन कर गए थे. नीतीश कुमार ने तो 20 साल में कानून का राज ही स्थापित किया है कोई कह सकता है क्या किसी किसी को पॉलिटिकल प्रोटेक्शन है."
बतादें कि लालू प्रसाद यादव ने एक्स पर पोस्ट करके लिखा है नीतीश बतावें कि शाम पांच बजे से पहले घर में घुसकर ही कितनी हत्याएं हो रही है?क्या नीतीश जानते, पहचानते व समझते है कि उनके शासनकाल में आधिकारिक आँकड़ों में 65,000 हत्याएं हुई है.नीतीश-बीजेपी ने विधि व्यवस्था का दम ही नहीं निकाला बल्कि उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया है. बिहार में इतनी भ्रष्ट, लापरवाह और कामचोर पुलिस कभी भी नहीं रही.
प्रधानमंत्री के साथ बैठक में होंगे शामिल
दरअसल ऑपरेशन सिंदूर के तहत विदेश में डेलीगेट बनकर जाने वाले सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे, उसी को लेकर संजय झा दिल्ली के लिए मंगलवार रवाना हुए इस दौरान उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जो पहलगाम में घटना हुई उसके बारे में बताने के लिए हम लोग अलग-अलग देश में गए थे. पांच कंट्री मे मैं भी गया था, जिस डेलिगेशन को मैं लीड कर रहा था. उसमे जापान, साउथ कोरिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया और मलेशिया था. उन सभी जगहों का फीडबैक लेने के लिए प्रधानमंत्री ने बुलाया है उसी के लिए जा रहा हूं, वहां क्या अनुभव रहा है वह हम पीएम मोदी से शेयर करेंगे.
