कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के बाप को गाली देने की सजा देश की जनता देगी. कांग्रेस का खात्मा हो चुका है और अराजकता फैलाने से कुछ नहीं होने वाला है.
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, ''खरगे जी, जब काल मनुष्य पर छाता है तो पहले विवेक मर जाता है. मैं तो समझा था कि राहुल गांधी ही मूर्ख हैं, लेकिन अब आपके बयान के बाद लग रहा है कि मूर्खों की टोली है. पंडित नेहरू के खानदान की कब्र खुद चुकी है. 9 राज्यों में जमानत जब्त हुई है, इसका ध्यान करो.
मोदी 30 साल तक रहेंगे- गिरिराज सिंह
उन्होंने आगे कहा, 'मोदी हैं और मोदी 30 साल तक रहेंगे. कांग्रेस का खात्मा हो चुका है. अराजकता जितनी फैलानी हो फैला लो. खरगे, आपको नौकरी करनी है तो नेहरू खानदान की नौकरी करो. लेकिन पीएम मोदी के बाप को गाली देने की सजा भारत की जनता देगी.''
नित्यानंद राय का कांग्रेस पर हमला
उधर, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह टिप्पणी उसकी राजनीतिक हताशा, कुंठा और संस्कारहीनता को दर्शाती है. देश की जनता ने कांग्रेस को बार-बार नकारा है, लेकिन अपनी राजनीतिक निराशा में कांग्रेस के नेता अब प्रधानमंत्री जी के परिवार को भी निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं.
PM पद का सम्मान करना हर दल की जिम्मेदारी- नित्यानंद राय
उन्होंने आगे कहा, ''पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की स्वर्गीय माताजी को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की गईं और अब उनके दिवंगत पिताजी को लेकर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया है. यह केवल प्रधानमंत्री जी का नहीं, बल्कि देश की करोड़ों जनता की भावनाओं का अपमान है. प्रधानमंत्री पद की गरिमा, सार्वजनिक जीवन की शालीनता और भाषा की मर्यादा का सम्मान हर राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है.
'जनता अब अपमानजनक राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी'
बीजेपी नेता नित्यानंद राय ने ये भी कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को देश की जनता से इस तरह की भाषा और आचरण के लिए जवाब देना चाहिए. कांग्रेस को यह समझना होगा कि देश की जनता अब अपमानजनक राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने कहा, ''लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है और जनता अपने मताधिकार से हर राजनीतिक आचरण का जवाब देती है. कांग्रेस को भी अपने इस आचरण का जवाब जनता के सामने देना होगा.''
मल्लिकार्जुन खरगे के 'बाप' वाले बयान पर CM सम्राट की दो टूक, 'तुरंत…'
