कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार (25 अक्टूबर, 2026) को पटना में थे. एक कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लेते हुए मंच से यह कह दिया कि मोदी का बाप भी जाएगा. उनके इस विवादित बयान पर सीएम सम्राट चौधरी ने प्रतिक्रिया दी है.
सीएम ने कहा, "कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के द्वारा जो बयान दिया गया, देश के प्रधानमंत्री के पिताजी के खिलाफ अपशब्द का प्रयोग करना अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और ये दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी किस तरह देश के प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति एक तरह से दुर्भावना दिखाने का प्रयास करते हैं. इसलिए मैं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राहुल गांधी से मांग करता हूं कि आप तुरंत, प्रधानमंत्री के पिताजी के खिलाफ जो अपशब्द का प्रयोग किया गया, इसके लिए कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए."
सीएम सम्राट ने कहा, "ये एक तरह से अपराध है कि देश के प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति इस प्रकार की दुर्भावना के साथ आप राजनीति कर रहे हैं."
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह को लेकर सुधाकर सिंह का बड़ा दावा, JDU का होगा अंत!
संजय सरावगी ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार को लेकर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना सभी नेताओं की जिम्मेदारी है. कांग्रेस अध्यक्ष का बयान पार्टी की हताशा और संस्कारहीन राजनीतिक संस्कृति का परिचायक है.
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल देश की जनता के जनादेश का अपमान है. कांग्रेस को समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री पद की अपनी गरिमा होती है. संजय सरावगी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे के एक-एक शब्द राहुल गांधी, सोनिया गांधी और पूरे गांधी परिवार की लिखी हुई स्क्रिप्ट का हिस्सा हैं.
यह भी पढ़ें- मोकामा में 35 साल से दबदबा, कभी खुद तो कभी पत्नी विधायक; कौन हैं अनंत सिंह?
