केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने इंडिया गठबंधन के चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को लेकर विपक्ष को नसीहत दी है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रदर्शन करने की पूरी आजादी है और मजबूत व सक्रिय विपक्ष लोकतंत्र को मजबूती देता है. हालांकि, उन्होंने कहा कि विपक्ष को सिर्फ हंगामा करने के बजाय अपने सवालों के जवाब जानने की कोशिश भी करनी चाहिए.

Continues below advertisement

गुरुवार (08 अक्टूबर, 2026) को चिराग पासवान ने कहा कि अगर विपक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहा है तो उसे चुनाव आयोग से संपर्क करना चाहिए और समय मांगना चाहिए. उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) खुद विपक्ष के सवालों का जवाब दे सकते हैं.

यह भी पढ़ें- हथकड़ी लगे हाथों में संविधान की किताब लेकर बोले राजेश राम, ‘ज्ञानेश कुमार ने कराई वोट चोरी’

Continues below advertisement

'सशक्त विपक्ष से बढ़ती है सरकार की जवाबदेही'

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का सक्रिय रहना जरूरी है. जितना सशक्त और सक्रिय विपक्ष होगा, उतनी ही सरकार और सत्ता पक्ष के लोगों की जवाबदेही बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपने सवाल जरूर उठाने चाहिए, लेकिन उन सवालों के जवाब हासिल करने का प्रयास भी करना चाहिए.

'हंगामा करते रहेंगे तो जवाब नहीं मिलेगा'

चिराग ने कहा कि जानकारी के अभाव में लगातार हंगामा करने से समस्या का समाधान नहीं होगा. उन्होंने विपक्ष से कहा कि एक दिन प्रदर्शन करने के बाद अपनी बात समर्थकों तक पहुंचाने में वे सफल हो सकते हैं, लेकिन इसके बाद यह जानना भी जरूरी है कि जो सवाल उठाए गए हैं, उनके वास्तविक जवाब क्या हैं.

चुनाव आयोग से संपर्क करने की सलाह

उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रक्रिया बेहद सामान्य है. विपक्षी नेताओं को चुनाव आयोग से संपर्क करना चाहिए और मुलाकात के लिए समय मांगना चाहिए. चिराग ने कहा कि अगर किसी नागरिक के मन में चुनाव प्रक्रिया को लेकर गलत सवाल आता है तो यह लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर संस्था की अपनी मर्यादा होती है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए.

यह भी पढ़ें- ‘मोदी भागवत का प्यारा, लोकतंत्र का क्रूर हत्यारा’, तेजस्वी ने शेयर किया वीडियो