गया: एनडीए और चिराग के बीच का रार थमने का नाम नहीं ले रही. एक तरफ जहां चिराग काफी संभले हुए शब्दों के साथ विरोध कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरह एनडीए घटक दल के नेता खुलेआम एक के बाद एक चिराग पर निशाना साध रहे हैं. इसी क्रम में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने चिराग पर हमला बोलते हुए लोजपा को वोटकटवा पार्टी बताया.
उन्होंने कहा कि चिराग कहते हैं पीएम मोदी उनके सीने में हैं. तो पीएम के प्रिय नीतीश कुमार बुरे कैसे हो गए? बाइबिल में भगवान ने कहा है कि भगवान उसी को प्यार करते हैं जो उनके बनाये हुए सिद्धांत से प्यार करता है. अगर हम मोदी को आइकॉन मानते है तो उनके समर्थित प्रत्याशी के बारे में ऐसा नहीं कहना चाहिए कि वोट देना पाप होगा या बर्बादी होगी. यह चिराग पासवान का दिमागिया दिवालीपन है. चूंकि अब रामविलास पासवान नहीं हैं. वहीं, एलजेपी का जनाधार नहीं है इसीलिए वो पीएम मोदी का नाम ले रहे हैं ताकि कुछ वोट मिल जाए.
जीतन राम मांझी ने कहा कि दिवंगत नेता रामविलास पासवान अनुसूचित जाति के नेता रहे हैं, लेकिन जहां तक काम का सवाल है तो उन्होंने कुछ नहीं किया है. एसटी/एससी अत्याचार निवारण अधिनियम से छेड़छाड़ हुआ तो सभी लोग सामने आ गए थे, तभी रामविलास पासवान ने उपहास किया था. यह सब मामले पर चिराग पासवान को लोगो के बीच जबाब देना चाहिए कि उनके पिता ने एसटी/एससी के क्या किया था?
