एंटिगाः विराट कोहली के लिए वेस्टइंडीज दौरा बेहद खास है. वेस्टइँडीज में जीत हासिल कर भारतीय उपमहाद्वीप से बाहर सीरीज ना जीत पाने का सूखा खत्म करने का अच्छा मौका है. इसमें अहम भूमिका निभाएगा 13 खिलाड़ी.  

 

13 नंबर जिसे दुनिया अनलकी नंबर मानती है, जिसके साथ कई वहम जुड़े हैं, जिसके साथ कई डर जुड़े हैं, जिस 13 नंबर से दुनिया भागती है वही 13 टीम इंडिया का बेड़ा पार करेंगे. वही 13 टीम इंडिया को जीत दिलाएंगे. 

 

वेस्टइंडीज पर फतह करने के लिए विराट ने अपने 13 खिलाड़ी चुन लिए हैं. ये 13 टीम इंडिया की कहानी लिखेंगे. विराट की टीम में 13 खिलाड़ी हैं - मुरली विजय, के एल राहुल, शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, ऋद्धिमान साहा, अमित मिश्रा, रविंद्र जाडेजा, आर अश्विन, ईशांत शर्मा, स्टुअर्ट बिन्नी और मोहम्मद शमी. 

 

एंटिगा टेस्ट के लिए विराट ने 17 खिलाड़ियों में से अपने ये 13 खिलाड़ी चुन लिए हैं. अब सिर्फ दो जगहों पर चार खिलाड़ियों के बीच टक्कर है. 

 

1 शिखर बनाम केएल राहुल 

एबीपी न्यूज ने पहले ही बताया था कि कैसे शिखर धवन और के एल राहुल के बीच टक्कर है जबकि ओपनर के लिए मुरली विजय की जगह पक्की है. 

 

2 स्टुअर्ट बिन्नी बनाम अमित मिश्रा 

टीम मैनेजमेंट की दूसरी समस्या है कि पेस ऑलराउंडर स्टुअर्ट बिन्नी को खिलाएं या ऑफ स्पिनर अमित मिश्रा को. यानी सवाल है कि तीन स्पिनर के साथ उतरें या तीन तेज गेंदबाजों के साथ. इसका फैसला आखिरी दिन ही होगा. 

 

जिन चार खिलाड़ियों को पहले टेस्ट से बाहर कर दिया गया है वो हैं रोहित शर्मा, उमेश यादव, शार्दुल ठाकुर और भुवनेश्वर कुमार. 

 

इसके अलावा एक और 13 का चक्कर है. ये है जीत का 13 कनेक्शन. टीम इंडिया पिछले 13 साल में वेस्टइंडीज से कोई टेस्ट मैच नहीं हारी. आखिरी बार 2002 में हम किंग्सटन टेस्ट में 155 रन से हारे थे. 2013 से अब तक वेस्टइंडीज एक बार भी टीम इंडिया को हरा नहीं पाया है. इस बार भी टीम इंडिया के सामने धीमी पिचों की चुनौती पेश की जाएगी. 

 

अंधविश्वास को मानने वाले बेशक 13 को अनलकी कहते रहें लेकिन विराट की टीम के लिए यही 13 जीत का भरोसा लेकर आया है.