नई दिल्लीः जल्द ही टीम इंडिया को नया कोच मिलने वाला है. टीम इंडिया के लिए देश विदेश के कुल 57 लोगों ने आवेदन किया है. कोच की रेस में टीम के पूर्व डायरेक्टर रवि शास्त्री , मुख्य चयनकर्ता संदीप पाटिल और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और सबसे बेहतरीन गेंदबाज अनिल कुंबले शामिल हैं.
बीसीसीआई के अधिकारी ने भी माना है कि कुंबले के पद के लिये आवेदन भरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है. दूसरी तरफ कुंबले के कोच बनने को लेकर टीम के खिलाड़ी भी समर्थन में आ गए हैं.
टीम इंडिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कुंबले के कदम की सराहना की है. भज्जी ने ट्वीट कर कहा भारतीय टीम को कुंबले और राहुल द्रविड़ जैसे मेंटर की जरूरत है.
वहीं बीसीसीआई के सचिव अजय शिर्के ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच पद के लिये मिले 57 आवेदनों में से उम्मीदवारों की छंटनी की जायेगी और चुने गये नामों को ही इंटरव्यू के लिये बुलाया जायेगा.
हालांकि शिर्के ने यह नहीं बताया कि नया पूर्ण कालिक मुख्य कोच कब तक चुन लिया जायेगा.
उन्होंने कहा, ‘‘पद के लिये मापदंड की घोषणा की गयी थी, जो इसके अनुरूप योग्य होगा, उसकी घोषणा की जायेगी. इसके लिये कोई अंतिम समय सीमा नहीं है, प्रकिया पूरी होनी चाहिए. जैसे ही प्रक्रिया पूरी हो जायेगी, अंतिम चयन की घोषणा की जायेगी. ’’ शिर्के ने कहा, ‘‘मैं सिर्फ यही कह सकता हूं कि इसमें काफी प्रतिभाशाली विदेशी और भारतीय शामिल हैं. ’’
