फजल को मिला मौका -  तीसरे और अंतिम वनडे के शुरु होने से पहले टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में नए खिलाड़ी को मौका दिया गया है. पहले वनडे में तीन खिलाड़ियों को वनडे कैप दिया गया था. अब तीसरे वनडे में फैज फजल को वनडे कैप दिया गया. कप्तान धोनी ने फैज को वनडे कैप दिया

 


 

हरारेः पहले दो वनडे जीतकर तीन मैचों की सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी टीम इंडिया जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे में बेंच स्ट्रेंथ के सहारे क्लीन स्वीप करने उतरेगी. ये लगातार तीसरी बार होगा जब टीम इंडिया जिम्बाब्वे में वनडे सीरीज क्लीन स्वीप करेगी. साल 2013 में विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 5-0 से करारी शिकस्त दी थी. उसके बाद साल 2015 में अजिक्य रहाणे की कप्तानी में टीम इंडिया को 3-0 से जीत मिली थी. 

 

सीरीज के पहले दो मैचों में जीत हासिल करने के लिए भारतीय टीम को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी. उसने दोनों मैचों में आसानी से जीत हासिल की थी. 

 

सोमवार को हुए मैच के बाद धोनी ने ऐसे संकेत दिए थे कि वह हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होने वाले तीसरे मैच में उन खिलाड़ियों को मौका दे सकते हैं जिन्हें सीरीज में अभी तक आजमाया नहीं गया है. 

 

बुधवार को होने वाले मैच में धोनी, लोकेश राहुल और अंबाती रायडू की जगह फैज फजल और मनदीप सिंह को डेब्यू करने  का मौका दे सकते हैं. 

 

फैज को करुण नायर के साथ पारी की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है. मनदीप, रायडू की जगह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आ सकते हैं. 

 

गेंदबाजी में जयदेव उनादकत और हरफनमौला खिलाड़ी ऋषि धवन को धोनी प्लेइंग इलेवन में में शामिल कर सकते हैं. 

 

दूसरी तरफ जिम्बाब्वे को आखिरी मैच में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी. टीम के कप्तान ग्रीम क्रेमर चाहेंगे कि बल्लेबाज अपने बल्ले से बोर्ड पर अच्छे रन बनाएं ताकि गेंदबाज स्कोर को बचा सकें. 

 

टीम की बल्लेबाजी दोनों मैचों में बेहद खराब रही है. पहले मैच में एल्टन चिगम्बुरा ने 41 रनों की पारी खेल टीम को संभाला था तो दूसरे मैच में वुसिमुजी सिबांडा ने अर्धशतक लगाकर टीम की लाज बचाने की कोशिश की थी. 

 

गेंदबाजी में भी कप्तान गेंदबाजों से पहले से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे. 

 

टीमें (संभावित) : 

 

भारत : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान, विकेटकीपर), लोकेश राहुल, फैज फजल, मनीष पांडे, करुण नायर, अंबाती रायडू, केदार जाधव, मंदीप सिंह, ऋषि धवन, जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, यजुवेंद्र चहल, बरिंदर सरन, जयदेव उनादकत, धवल कुलकर्णी और अक्षर पटेल. 

 

जिम्बाब्वे :- ग्रीम क्रेमर (कप्तान), रिचमोंड मुतुम्बामी, तौरइ मुजराबानी, चामुनओरवा चिबाबा, पीटर जोसेफ मूर, एल्टन चिगम्बुरा, वुसिमुजी सिबांडा, तवांडा मुपारिवा, सीन विलियम्स, सिकंदर रजा बट, नेविले माडजिवा, डोनाल्ड टिरिपानो, टिमयसेन मारुमा, वेलिंगटन मासाकाड्जा, टेंडाई चिसोरो, हेम्लिटन मासाकाड्जा, टेंडाई चाटारा, क्रेग इरविन.