How to Detect Wi-Fi Hack: कहीं आपका Wi-Fi हैक तो नहीं हो गया है? घर बैठे ऐसे करें पता

आजकल लगभग हर घर में Wi-Fi का इस्तेमाल होता है, लेकिन बहुत कम लोग इस बात पर ध्यान देते हैं कि उनका Wi-Fi कोई और तो इस्तेमाल नहीं कर रहा. अक्सर लोगों के साथ ऐसा होता है कि उनका Wi-Fi चुपचाप हैक हो जाता है और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगती. ऐसे में उनका इंटरनेट स्लो हो जाता है, डेटा जल्दी खत्म होने लगता है और कई बार तो निजी जानकारी तक खतरे में पड़ सकती है.
ज्यादातर लोगों को यह जानकारी ही नहीं होती कि ऐसे में वे क्या करें. ऐसे में आपको जान कर खुशी होगी कि आप घर बैठे ही आसानी से यह पता लगा सकते हैं कि कहीं आपका Wi-Fi हैक तो नहीं हो गया है, और अगर हो गया है तो इससे कैसे बचा जाए. आइए जानते हैं इसके बारे में पूरी जानकारी.
सबसे पहली और आसान पहचान यह है कि अगर आपका इंटरनेट बिना किसी वजह के अचानक बहुत धीमा चलने लगे, तो यह इशारा हो सकता है कि आपका Wi-Fi कोई और भी इस्तेमाल कर रहा है. इसके अलावा अगर आपका मोबाइल डेटा प्लान हर महीने तय समय से पहले ही खत्म होने लगे, तो यह भी एक संकेत हो सकता है. कई बार राउटर की लाइट भी बिना वजह लगातार झपकती रहती है, जबकि आपके घर में कोई डिवाइस इस्तेमाल में नहीं होता. अगर आपको ऐसी चीजें दिखें तो समझ जाइए कि आपका wifi हैक हो गया है.
Wi-Fi हैक हुआ है या नहीं, यह पता लगाने का सबसे भरोसेमंद तरीका है राउटर के एडमिन पैनल में जाकर देखना. इसके लिए अपने मोबाइल या लैपटॉप के ब्राउजर में राउटर का IP एड्रेस डालना होता है, जो आमतौर पर 192.168.1.1 या 192.168.0.1 होता है. यह जानकारी आपके राउटर के पीछे लिखी होती है.
फिर राउटर के एडमिन पैनल में लॉगिन करने के बाद आपको कनेक्टेड डिवाइसेज या अटैच्ड डिवाइसेज नाम का एक ऑप्शन दिखेगा. इस पर क्लिक करते ही आपको उन सभी डिवाइस की लिस्ट दिख जाएगी, जो इस समय आपके Wi-Fi से जुड़े हुए हैं. अब आपको ध्यान से देखना है कि इस लिस्ट में सिर्फ वही डिवाइस हैं, जो आपके घर के हैं या नहीं. अगर कोई ऐसा नाम या डिवाइस दिखे जिसे आप पहचान नहीं पा रहे, तो समझ लीजिए कि कोई बाहरी व्यक्ति आपका Wi-Fi का इस्तेमाल कर रहा है.
अगर आपको कोई अनजान डिवाइस दिखे, तो सबसे पहला काम यह करें कि अपना Wi-Fi पासवर्ड बदल दें. पासवर्ड बनाते समय ध्यान रखें कि वे पहले पासवर्ड के मुकाबले कई गुना ज्यादा मुशकिल हो, ताकि उसे आसानी से कोई अंदाजा न लगा सके. इसके साथ ही अपने Wi-Fi का नाम यानी SSID भी बदल दें, ताकि पहले जुड़े हुए अनजान डिवाइस अपने आप डिसकनेक्ट हो जाएं.
पासवर्ड बदलने के साथ-साथ कुछ और सुरक्षा सेटिंग्स पर भी ध्यान देना जरूरी है. सबसे पहले यह देखें कि आपके राउटर में WPA2 या WPA3 एन्क्रिप्शन ऑन है या नहीं, क्योंकि यह पुराने तरीकों से कहीं ज्यादा सुरक्षित माना जाता है. इसके अलावा राउटर की WPS सुविधा को बंद कर दें, क्योंकि इसी के जरिए ज्यादातर Wi-Fi आसानी से हैक होता है.