Mango Kheer Recipe : बिना चीनी-चाशनी घर पर ऐसे बनाएं आम की खीर, बार-बार मांगने आएंगे लोग

गर्मियों में आम का नाम सुनते ही मन खुश हो जाता है. यह ऐसा फल है जिसे बच्चे हों या बड़े, सभी बहुत पसंद करते हैं. आम से कई तरह की रेसिपीज बनती हैं जैसे शेक, आइसक्रीम, स्मूदी और मिठाइयां, लेकिन आम की खीर का टेस्ट इन सबमें सबसे अलग और खास होता है. इसकी खासियत यह है कि इसमें आम की मिठास, दूध की मलाईदार बनावट और ड्राई फ्रूट्स का क्रंच एक साथ मिल जाता है. यह रेसिपी खासकर उन लोगों के लिए है जो बिना ज्यादा झंझट और बिना चाशनी या ज्यादा चीनी के घर पर कुछ शाही और टेस्टी बनाना चाहते हैं. तो आइए जानते हैं कि कैसे आप घर पर बिना चीनी-चाशनी वाली आम की खीर बना सकते हैं, जो खाने के बाद हर कोई बार-बार मांगता रह जाएगा.
आम की खीर बनाने के लिए सबसे पहले एक मोटे तले वाले बर्तन में दूध लें और उसे गैस पर उबालने रखें. इसे धीमी आंच पर पकाएं. जिससे दूध धीरे-धीरे गाढ़ा हो जाए. जब दूध आधा रह जाए और क्रीमी टेक्सचर आने लगे, तब समझ लें कि यह तैयार होने के करीब है.
अब गाढ़े दूध में चीनी की जगह हल्की मिठास के लिए केसर और इलायची पाउडर डालें. केसर से रंग और खुशबू दोनों बढ़ते हैं, जबकि इलायची खीर को एक खास टेस्ट देती है. इसे लगभग 5 मिनट और पकाएं, फिर गैस बंद कर दें.
यह स्टेप बहुत जरूरी है. इसमें दूध को पूरी तरह ठंडा होने दें. अगर आप गर्म दूध में आम डाल देंगे तो दूध फट सकता है और खीर खराब हो सकती है. इसलिए इसे कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें.
अब पके हुए मीठे आम लें और उन्हें मिक्सी में पीसकर स्मूद पल्प बना लें. आप चाहें तो इसमें छोटे-छोटे आम के टुकड़े भी अलग से रख सकते हैं ताकि खीर में खाने का मजा और बढ़ जाए.
जब दूध पूरी तरह ठंडा हो जाए, तब उसमें आम का पल्प डालकर अच्छे से मिला दें. इसे हल्के हाथ से फेंटें. जिससे दूध और आम अच्छे से मिक्स हो जाएं और एक स्मूद क्रीमी टेक्सचर बन जाए.
अब इसमें कटे हुए बादाम, काजू, पिस्ता जैसे ड्राई फ्रूट्स डालें. चाहें तो ऊपर से थोड़े आम के छोटे टुकड़े भी डाल सकते हैं. इसके बाद खीर को 2-3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. जब यह अच्छे से ठंडी हो जाए, तब इसे सर्व करें.