पटना: बिहार में लोकसभा की सीट बंटवार को लेकर शुक्रवार को एक अहम खबर आई. एबीपी न्यूज़ से बातचीत करते हुए बिहार जेडीयू के अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि इस महीने के दूसरे सप्ताह तक उम्मीद है कि सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय हो जाएगा. वशिष्ठ नारायण सिंह की इस बात से कयास लगाए जा रहे हैं कि 16 सितंबर से पहले तक सीटों के बंटवारे पर बात बन जाएगी. उधर बिहार के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मुझे नहीं जानकारी है कि क्या चल रहा है. 16 सितंबर को होगा कि 25 सितंबर को होगा ये नहीं कह सकता लेकिन फैसला बहुत जल्द होगा. वशिष्ठ नारायण सिंह ने जो कहा है उस पर मेरी जानकारी नहीं है.

रेखा मोदी से मेरा न कोई वित्तीय, न व्यापारिक संबंध: सुशील मोदी

वहीं रेखा मोदी को लेकर सुशील मोदी ने कहा, ''रेखा मोदी कोई मीसा भारती, चंदा यादव, हेमा यादव की तरह मेरी अपनी बहन नहीं हैं. मेरी दो दर्जन चचेरी, ममेरी और फूफेरी बहनें हैं. उसमें एक दूरदराज की रिश्ते में बहन हैं. कैसा संबंध है इससे समझ सकते हैं कि 2000 में नीतीन नवीन के खिलाफ पटना से चुनाव लड़ीं. अपने भाइयों से उसका संपत्ति विवाद चल रहा है. एक दर्जन मुकदमे चल रहे हैं. एक मुकदमे में उन्होंने मुझको भी अभियुक्त बना दिया है. रेडक्रॉस में पीएमसीएच में जिस बिल्डिंग में रहती है उसके ऑनर्स पर चार मुकदमा कर रखा. 10 साल से मेरी कोई मुलाकात नहीं हुई है. मेरा उससे न कोई व्यापारिक संबंध है और न ही वित्तीय संबंध है.'' गौरतलब है कि गुरुवार को इनकम टैक्स ने सृजन घोटाले को लेकर रेखा मोदी के घर पर छापा मारा था. इसके बाद तेजस्वी यादव ने सुशील मोदी पर निशाना साधा था.

जब राबड़ी मुख्यमंत्री थीं तब शुरू हुआ सृजन घोटाला: सुशील मोदी

सुशील मोदी ने कहा कि तेजस्वी यादव पर जो आरोप लगे हैं, उनकी सारी बहनें उस घोटाले में सम्मिलित हैं. बहन होने से क्या फर्क पड़ता है. ये सृजन घोटाला राबड़ी देवी बिहार की मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री थी उस कार्यकाल में प्रारंभ हुआ. सृजन सहयोग समिति का निबंधन जब राबड़ी देवी मुख्यमंत्री थीं तब हुआ. उनको 28 हजार स्क्वायर फीट जमीन उपलब्ध कराई गई वो किसके कार्यकाल में कराई गई. दो मंजिला मकान 30 हजार के किराये पर केवल 2400 रुपये में दिया. यह समिति एक सहकारी समिति थी,  इसमें बैंकिंग लेनदेन करने की अनुमति किसके कार्यकाल में दी गई. लंबे समय तक वित्त मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी थे. हमलोग ने सीबीआई जांच का निर्देश दिया. सीबीआई जांच में मेरी दूर की बहन के घर भी छापा पड़ रहा है.