पटना: लोक जनशक्ति पार्टी ने 14 अप्रैल को अपना घोषणा पत्र जारी करने का ऐलान किया है. पार्टी घोषणा पत्र के लिए लोगों से सुझाव मांग रही है. इसके लिए पार्टी ने एक फोन नम्बर भी जारी किया है.
' एजेंडा विकास हो , हिन्दू मुसलमान नहीं '
बिहार में बीजेपी की सहयोगी पार्टी एलजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान इस साल अक्टूबर नवम्बर में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं. इसके लिए बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट नाम से बिहार में पार्टी की एक यात्रा चल रही है. वहीं इसी नाम से एक विजन डोकुमेंट या घोषणा पत्र लाने की तैयारी हो रही है. इसी बीच पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान ने एक बड़ा बयान दिया है. चिराग ने कहा है कि बिहार चुनाव में सभी पार्टियों को अपना घोषणा पत्र चुनाव की तारीख़ से काफ़ी पहले जारी करना चाहिए ताकि ' चुनाव विकास के एजेंडे पर हो, न कि हिन्दू - मुसलमान पर ' हो. चिराग पासवान का बयान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल ही में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी पर धर्म के आधार पर ध्रुवीकरण का आरोप लगा था. चुनाव में बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ा था.
पीएम का एजेंडा विकास है
हालांकि जब चिराग पासवान से पूछा गया कि क्या उनका इशारा बीजेपी की तरफ़ है तो उन्होंने सिर्फ़ इतना भर कहा कि पीएम मोदी का एजेंडा हमेशा से विकास का रहा है और जनता ने उनपर विश्वास किया है. जब 11 फरवरी को दिल्ली चुनाव के नतीजे आए थे उसके तुरन्त बाद भी चिराग पासवान ने कहा था कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल के काम को वोट देकर नकारात्मक और भड़काऊ राजनीति को नकार दिया है.
घोषणा पत्र के लिए नम्बर हुआ जारी
लोक जनशक्ति पार्टी ने 14 अप्रैल को अपना घोषणा पत्र जारी करने का ऐलान किया है. पार्टी घोषणा पत्र के लिए लोगों से सुझाव मांग रही है. इसी सिलसिले में पार्टी ने एक फोन नम्बर भी जारी किया है. इस नम्बर पर बिहार से जुड़ा कोई भी व्यक्ति घोषणा पत्र को लेकर अपना सुझाव दे सकता है. जो फोन नम्बर जारी किया गया है वो 1800-12071-8888 है. इसपर कोई भी व्यक्ति 31 मार्च तक अपने सुझाव दे सकता है.
