पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से नाराज होकर दिल्ली जाने पर अड़ी टीएमसी सांसद शताब्दी ने अब यू-टर्न ले लिया है. शुक्रवार को ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी से मिलने के बाद शताब्दी ने कहा कि वह अब कल दिल्ली नहीं जा रही हैं. उन्होंने कहा कि वह टीएमसी में ही बनी रहेंगी.

शताब्दी का दिल्ली जाने से यू-टर्न

मीडिया से बात करते हुए बीरभूम से टीएमसी सांसद शताब्दी ने आगे कहा- मैंने आज अभिषेक बनर्जी से बात की. उन्होंने मेरी तरफ से उठाए गए सभी मुद्दों का समाधान कर दिया है. मैं कल दिल्ली नहीं जा रही हूं. मैं टीएमसी में ही बनी रहूंगी. उन्होंने कहा- जिन लोग पार्टी के अंदर हैं और जिनकी समस्याएं हैं उन्हें उसे उठाना चाहिए. अगर 10 लोग पार्टी की समस्या का उठाएंगे तो पार्टी को उसका समाधान करना चाहिए.

ममता से चल रही थीं नाराज

इससे पहले, शताब्दी ने कहा था कि दिल्ली जाएंगी. उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए था- “टीएमसी में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. मेरी तरफ से किया गया फेसबुक पोस्ट सही है. अगर मैं दिल्ली जा रही हूं तो इसका मतलब ये नहीं है कि मैं बीजेपी ज्वाइन कर रही हूं. मैं एक सांसद हूं और दिल्ली जा सकती हूं. ”

इससे पहले, शताब्दी रॉय फैन क्लब फेसबुक पेज पर फिल्मी दुनिया से राजनीति में आई शताब्दी रॉय ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र बीरभूम में उनकी मौजूदगी की वजह ये है कि उन्होंने एडवांस में कार्यक्रम के बारे में सूचित नहीं किया गया था.

इससे पहले, ऐसी अटकलें लगाई जा रही थी नाराज चल रही शताब्दी पार्टी को अलविदा कर सकती है. खबरों के मुताबिक, वह दिल्ली जाकर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने वाली थी. ऐसा कहा जा रहा था कि अन्य टीएमसी बागी की तरह वह भी बीजेपी का दामन थाम सकती हैं. लेकिन, टीएमसी ने समय रहते फिलहाल इस विवाद को सुलझा लिया है.

ये भी पढ़ें: बंगाल: TMC सांसद शताब्दी रॉय के BJP में जाने की अटकलें तेज, ममता की हैं करीबी