मशहूर टीवी सीरियल 'खुशियां' की एक्ट्रेस आम्रपाली गुप्ता को फ्लाइट में बुरे व्यवहार का सामना करना पड़ा है. आम्रपाली ने खुद इस बात को खुद एंटरटेनमेंट पोर्टल स्पॉटबॉय को दिए इंटरव्यू में बताया है. आम्रपाली ने बताया कि एक अंजान आदमी जो उनकी बगल वाली सीट पर बैठा हुआ था, उसने यह बुरा व्यवहार किया.
आम्रपाली जल्द ही ज़ी टीवी के आने वाले शो 'तुझसे है राब्ता' में पॉज़िटिव किरदार निभाते हुए नज़र आ सकती हैं. इस शो के प्रमोशन के लिए दिल्ली जाने दौरान ही उनके साथ ये वाकया हुआ. आम्रपाली 'इश्कबाज़' और 'कुबूल है' जैसे सीरियल्स में अपने नेगेटिव रोल के लिए जानी जाती हैं.
घटना के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा,"उसने पहले कुछ बुरा व्यवहार किया, लेकिन मैंने खुद को समझाया कि उसने ये सब जानबूझ कर नहीं किया. लेकिन कुछ देर बाद जब मैं हल्की सी नींद में से उठी, तो मैंने देखा कि वो मेरी फोटो खींच रहा था. इतना नहीं उसका चेहरा भी मेरे बेहद करीब था."
आम्रपाली आगे बताती हैं कि अंजान आदमी के इतना नज़दीक होने के चलते उन्हें गुस्सा आ गया. उन्होंने सख्त लहज़े में उस आदमी से कहा,"क्या कर रहे हो तुम, सही तरीके से बैठो" आम्रपाली ने ये बात इतनी तेज़ कही कि एयर होस्टेस ने भी ये सुन लिया. जिसके चलते उस आदमी की सीट बदल दी गई. इसक बाद आम्रपाली ने चैन की सांस ली.
आम्रपाली ज़ी टीवी से लेकर स्टार प्लस तक कई टीवी शो में नज़र आ चुकी हैं. ज़ी टीवी के शो 'तीन बहुरानियां' में भी आम्रपाली ने अहम किरदार निभाया था. 'तीन बहुरानियां' के सेट पर ही आम्रपाली की मुलाकात एक्टर यश सिन्हा से हुई थी. जिसके बाद 2012 में दोनों ने शादी कर ली थी.