मुंबई: हर साल की तरह इस साल भी ईद के मौके पर सलमान खान अपने अपने घर की बाल्कनी में आये और उन्होंने अपने फ़ैन्स की तरफ़ हाथ हिलाकर अभिवाद किया. वो पारंपरिक परिधान में थे और उनके बाल्कनी में आते ही सैंकड़ों की संख्या में मौजूद उनके फ़ैन्स का उत्साह देखते ही बन रहा था.
सलमान की झलक पाने के लिए इतनी भारी संख्या में लोग मौजूद थे कि वहां ट्रैफिक पर असर पड़ रहा था. पुलिस लगातार फ़ैन्स को पीछे हटने की ताकीद दे रही थी, मगर सभी बार बार आगे आ जाते थे. इसके बाद ट्रैफिक के चलते पुलिस वालों को भीड़ को काबू में करने के लिए हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा. ऐसे में भीड़ में भगदड़ मच गई और चंद लोग जमीन पर गिर गये और 2-3 लोगों को मामूली चोटें आईं.
आज ईद के मौके पर सलमान के जीजा अतुल अग्निहोत्री और बहन अर्पिता ने सलमान के घर के अंदर ईद के जश्न के वीडियोज़ इंस्टा पर पोस्ट किए हैं.
बता दें कि सलमान के लिए आज डबल सेलिब्रेशन का दिन है. कल ही यानि ईद के एक दिन पहले ही सलमान की फ़िल्म 'रेस 3' भी रिलीज हुई है. 'रेस 3' ने पहले दिन 29.17 करोड़ की कमाई की है और इस साल की सबसे बड़े ओपनर फिल्म बन चुकी है. 'रेस 3' को अच्छी रेटिंग नहीं मिली है लेकिन फिल्म ने अच्छी कमाई कर ली है. इस फिल्म में सलमान खान के साथ अनिल कपूर, डेजी शाह, जैकलीन फर्नांडिस, बॉबी देओल, फ्रेडी दारुवाला, साकिब सलीम मुख्य भूमिका में हैं.