Assembly Elections Highlights: 'मुस्लिमों को वोट डालने से रोका गया', यूपी की इस सीट पर सपा ने की उपचुनाव रद्द करने की मांग
Maharashtra-Jharkhand Election: महाराष्ट्र की 288 सीटों पर मतदान हो रहा है. जबकि झारखंड की 38 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है. इसके अलावा 4 राज्यों की 15 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव हो रहा है.

बैकग्राउंड
Maharashtra-Jharkhand Assembly Elections Highlights: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए पहले और झारखंड में दूसरे चरण के लिए आज (20 नवंबर 2024) वोटिंग है. इसके अलावा कई राज्यों में उपचुनाव...More
मीरापुर विधानसभा में हुई घटना पर प्रशासन की तरफ से जानकारी दी गई. प्रशासन ने कहा कि बेकाबू हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन ने कदम उठाए थे. वहां पुलिस बल पर पथराव हुआ था.
मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में सपा उम्मीदवार हाजी रिजवान ने चुनाव रद्द करने की मांग को लेकर निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा है. हाजी रिजवान ने आरोप लगाया कि मुस्लिम मतदाताओं को मतदान से रोकने के प्रयास किए गए. इससे पहले सपा उम्मीदवार ने प्रशासन और पुलिस पर पक्षपात करने और मुस्लिम वोटरों को डराने-धमकाने का लगाया था.
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, यह बड़े गंभीर आरोप हैं, चुनाव की निष्पक्षता पूरी तरह प्रभावित हुई है. पुलिस वाले वीडियो में दिख रहे हैं कि उन्होंने बैरिकेड लगाएं. चुनाव में बैरिकेड कैसा, INDIA गठबंधन के जो परंपरागत मतदाता थे उन्हें मतदान करने नहीं दिया जा रहा है. चुनाव निष्पक्ष नहीं हो रहा. मैं तो यही कहूंगा कि अखिलेश यादव ने जो कहा है उसपर चुनाव आयोग संज्ञान लें.
यूपी में दोपहर 3:00 बजे तक 41.92% मतदान हुआ है.
- मुजफ्फरनगर की मीरापुर विधानसभा सीट पर 3:00 बजे तक 49% मतदान हुआ.
- अम्बेडकरनगर की 277 कटेहरी विधानसभा में 3 बजे तक मतदान 49.43% मतदान.
- कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट पर 03.00 बजे तक 40.29 प्रतिशत मतदान हुआ.
- मुरादाबाद की कुंदरकी में 3 बजे तक 49.07% प्रतिशत मतदान.
- अलीगढ़ की खैर में 3 बजे तक 39.00% मतदान हुआ.
- गाजियाबाद की सदर सीट पर 3 बजे तक 27.36 फीसदी मतदान हुआ है.
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा, लोगों ने विकास का रास्ता चुना है और इस रास्ते में वे बढ़ चढ़ कर मतदान का प्रयोग कर रहे हैं. हम अपील करते हैं कि जल्द से जल्द वोटिंग करवाएं क्योंकि लोग घंटों से खड़ें हैं. 23 तारीख को नतीजे आएंगे, 23 तारीख का इंतजार करिए. सब लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है.
महाराष्ट्र में 3 बजे तक 45.53% मतदान हुआ है. वहीं, झारखंड में 61.47 % वोटिंग हुई.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, उनके बेटे अनंत अंबानी और रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के चेयरमैन आकाश अंबानी और उनकी पत्नी श्लोका मेहता ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया.
बीड के परली विधानसभा क्षेत्र के घाटनंदूर गांव में एक मतदान केंद्र में तोड़फोड़ की गई है. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. तोड़ फोड़ करने वालों की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है.
महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर आज वोटिंग हो रही है. मुंबई में तमाम बॉलीवुड सितारे भी वोट डालने पहुंचे. मुंबई में जावेद अख्तर, माधुरी दीक्षित, मनीष मल्होत्रा, शंकर महादेवन, रोहित शेट्टी वोट डालने पहुंचे.
अभिनेता रणबीर कपूर ने मुंबई के एक बूथ पर वो डाला. उन्होंने कहा, मतदान करना आपका कर्तव्य है. अगर आपने अब तक मतदान नहीं किया है तो आइए और मतदान कीजिए.
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपील की है कि हमारी उन सभी मतदाताओं से अपील है कि फिर से जाकर वोट डालने की कोशिश करें, जिनको पहले वोट डालने से रोका गया था. देश के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार जी से बात होने के बाद वीडियो और फोटो सबूतों के आधार पर भ्रष्ट और पक्षपाती पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है और बाकी दोषी अधिकारी निलंबित होने वाले हैं. आप बेखौफ होकर जाएं और लाइन में लग जाएं. समय सीमा शाम के 5 बजे के पहले जितने भी मतदाता लाइन में लग चुके होंगे, उन सबको वोट डालने दिया जाएगा. इसीलिए आप 5 बजे तक जाकर लाइन में लगकर, वोट डालने के लिए घर से जरूर निकलें.
सपा नेता डिंपल यादव ने कहा, बीजेपी उपचुनाव में हार रही है. ये अफवाह फैला रहे हैं, ये दिखाता है कि बीजेपी डरी हुई है और हार रही है. जहां भी चुनाव हो रहे हैं, वहां बीजेपी की गुंडई सामने आ रही है. शासन प्रशासन भी बीजेपी के एजेंट्स की तरह काम कर रहा है. ये हमें दिख रहा है और मीडिया में भी ऐसी घटनाएं सामने आई हैं. हमारे बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता भी इसकी जानकारी दे रहे हैं. लोकतंत्र में जिस तरह से वोट डालने से रोका जा रहा है, ये बहुत ही गंभीर विषय है.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: बीजेपी सांसद हेमा मालिनी अपनी बेटी ईशा देओल के साथ मुंबई के एक पोलिंग बूथ में वोट डालने पहुंचीं.
महाराष्ट्र में दोपहर 1 बजे तक 32.18% मतदान और झारखंड में 47.92% मतदान हुआ है.
अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने मतदान के बाद कहा, "मैंने अपने अधिकार का प्रयोग किया है, क्योंकि अगर मैं ऐसा नहीं करूंगी तो कोई मुझसे सरकार चुनने का अधिकार छीन लेगा... मैं सभी से आग्रह करती हूं कि वे मतदान करें और अपने राज्य और देश की प्रगति के लिए सही सरकार चुनें."
यूपी उपचुनाव: भाजपा ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कुंदरकी, सीसामऊ में फर्जी मतदान का आरोप लगाया. वहीं, सपा का आरोप है कि पुलिस 9 सीटों पर मतदान को प्रभावित कर रही है.
महाराष्ट्र के नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक 27.25% मतदान हुआ.
भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा, "मैं क्षेत्र के सभी लोगों से अनुरोध करती हूं कि वे आएं और वोट डालें. देश के भविष्य के लिए यह आपका कर्तव्य है. बूथ पर सुविधाएं बहुत अच्छी हैं."
कानपुर में सीसामऊ विधानसबा सीट पर मतदान के दौरान गड़बड़ी की शिकायत पर चुनाव आयोग ने सख्त कार्रवाई की है. कई अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है. समाजवादी पार्टी ने इसकी शिकायत की थी.
उत्तर प्रदेश भाजपा ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए हो रहे मतदान में फर्जी पहचान-पत्रों पर वोट डाले जा रहे हैं. बीजेपी का कहना है कि बाहर से आए लोगों को जिले की मस्जिदों, मदरसों और लॉज में ठहराया गया है. पार्टी ने यह भी आरोप लगाया है कि घूंघट वाली महिलाओं को उनकी पहचान की जांच किए बिना वोट डालने दिया जा रहा है और इसका फायदा उठाकर पुरुष बुर्का पहनकर वोट डालने आ रहे हैं.
अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह पति जैकी भगनानी के साथ मुंबई के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचीं.
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "मैं सभी से अपील करता हूं कि लोकतंत्र का उत्सव चल रहा है और लोकतंत्र में भागीदारी बहुत जरूरी है. जिन लोगों को अपनी सरकार से उम्मीदें हैं, उनके लिए वोट करने के लिए बाहर आना और भी जरूरी है. सभी को वोट करना चाहिए."
अभिनेता सुनील शेट्टी ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला.
मुंबई एक पोलिंग सेंटर पर वोट डालने के बाद बाहर आए कार्तिक आर्यन ने कहा, "कृपया अपना वोट डालें, यह बहुत महत्वपूर्ण है."
महाराष्ट्र की बडनेरा विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार रवि राणा की पत्नी और भाजपा नेता नवनीत राणा ने कहा, "वह (रवि राणा) पिछले 15 वर्षों से बडनेरा विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि उनके काम और स्वभाव को देखते हुए बडनेरा की जनता उन्हें चौथी बार चुनेगी. महायुति सरकार में मुख्यमंत्री भाजपा से होगा और 26 नवंबर को सभी इसे देखेंगे."
झारखंड में दूसरे चरण के मतदान के दौरान मधुपुर में बूथ संख्या 111 पर बच्चों से JMM प्रत्याशी के पक्ष में वोटिंग कराने का आरोप लगा था मतदान कर्मी पर, जिसपर संज्ञान लिया गया और पीठासिन पदाधिकारी ने उसे मतदान कार्य से अलग कर दिया.
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने वोट डालने के बाद कहा, "एक अच्छी सरकार और नेतृत्व महाराष्ट्र का भविष्य बदल सकता है."
अभिनेता अनुपम खेर ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला.
अभिनेता अनुपम खेर ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला.
भाजपा सांसद नारायण राणे ने कहा, "मैं जो कुछ भी हूं... बालासाहेब ठाकरे की वजह से हूं. मैंने शिवसेना को उद्धव ठाकरे की वजह से छोड़ा था. उनके विचार अच्छे नहीं हैं. उन्हें 10-12 सीटों से ज्यादा नहीं मिलने वाली है. महायुति के 161 विधायक जीतने वाले हैं और फिर भाजपा, एनसीपी और शिवसेना का गठबंधन सत्ता में आएगा. विनोद तावड़े के साथ जो कुछ भी हुआ वो सही नहीं था. वह वरिष्ठ नेता हैं, ऐसा नहीं होना चाहिए था."
झारखंड की बाघमारा विधानसभा सीट के कतरास में बीजेपी समर्थक और निर्दलीय प्रत्याशी रोहित यादव समर्थकों के बीच हंगामे की खबर है. वोटरों को लुभाने के दौरान हंगामा होने की बात सामने आई है. बताया गया है कि रोहित यादव के साले योगेंद्र यादव की बीजेपी प्रत्याशी शत्रुघ्न महतो समर्थकों ने पिटाई की है. मौके पर स्थिति तनावपूर्ण.
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "झारखंड विधानसभा चुनाव राज्य को बचाने का चुनाव बन गया है. झारखंड में रोटी, बेटी, माटी संकट में है. JMM-कांग्रेस सरकार ने नौकरी के नाम पर युवाओं को ठगा है. महिलाओं की इज्जत सुरक्षित नहीं है. घुसपैठिए संसाधनों पर कब्जा कर रहे हैं. कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है. बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार से लोग त्रस्त हैं.. इसलिए लोग भाजपा-NDA उम्मीदवारों को वोट दे रहे हैं. मैं सभी से समृद्ध, विकसित, सुरक्षित और घुसपैठियों से मुक्त झारखंड के लिए वोट देने का आग्रह करता हूं. भाजपा-NDA सरकार झारखंड की सूरत और लोगों की किस्मत बदल देगी. आप अभी नतीजे देख सकते हैं, भाजपा-NDA यहां सरकार बना रही है. लोग गुस्से में हैं और इसीलिए वे भ्रष्ट और जनविरोधी सरकार को हरा रहे हैं."
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला.
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए जेएमएम उम्मीदवार कल्पना सोरेन ने कहा, "मैं खुद जा रही हूं और अपील करना चाहूंगी कि हर कोई, चाहे वह पुरुष हो, महिला हो, बूढ़ा हो या जवान, हर कोई बाहर आए और अपने वोट के अधिकार का प्रयोग करें. मुझे अपनी जीत का भरोसा है क्योंकि मैंने गांडेय के लोगों के लिए बहुत मेहनत की है. अगले 5 साल में, मैं काम जारी रखना चाहूंगी... राज्य के लोग हेमंत सोरेन और हमारे महागठबंधन को वोट देने जा रहे हैं."
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष और साकोली से पार्टी के उम्मीदवार नाना पटोले ने कहा, "महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेतृत्व में महा विकास अघाड़ी अपनी सरकार बनाएगी. कांग्रेस को राज्य में सबसे ज़्यादा वोट मिलने वाले हैं. कल जिस तरह से विनोद तावड़े पैसे बांटते हुए पकड़े गए. उन्होंने कहा कि वे चिट्ठियां बांट रहे थे, भाजपा के राज्य प्रमुख को चिट्ठियां बांटने की क्या मजबूरी थी? वे झूठ बोलने की कोशिश कर रहे हैं...पैसे और शराब बांटकर क्या वे वोट जिहाद कर रहे हैं?"
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और उनकी पत्नी और उनके बेटे ने वोट मुंबई के एक पोलिंग सेंटर पर वोट डाला.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए वोट डालने के बाद अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा ने कहा, "हर किसी को वोट डालने का अधिकार है. लोगों को बाहर आकर अपने अधिकार का प्रयोग करना चाहिए. आज एक महत्वपूर्ण दिन है, आप एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं."
सुबह 9 बजे तक यूपी उपचुनाव का वोटिंग प्रतिशत
| विधानसभा क्षेत्र | वोटिंग प्रतिशत |
| गाजियाबाद | 5.36 |
| सीसामऊ | 5.73 |
| मझवां | 10.55 |
| मीरापुर | 13.01 |
| खैर | 9.03 |
| फूलपुर | 8.83 |
| कुंदरकी | 13.59 |
| करहल | 9.67 |
| कटेहरी | 11.48 |
अपने और नाना पटोले पर लगे आरोपों पर एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "मैंने मानहानि का केस और आपराधिक केस दर्ज कराया है. मैं उनके (सुधांशु त्रिवेदी) 5 सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हूं, जहां भी वह चाहें. उनकी पसंद का समय, उनकी पसंद की जगह और उनकी पसंद का मंच. मैं उन्हें जवाब देने के लिए तैयार हूं क्योंकि सभी आरोप पूरी तरह से झूठे हैं."
वोट डालने पहुंचे जीशान सिद्दीकी ने कहा, "पहली बार मैं अकेले वोट देने आया हूं. मेरे पिता (बाबा सिद्दीकी) अब नहीं रहे. यह अलग बात है, लेकिन यह करना होगा. मुझे पता है कि मेरे पिता मेरे साथ हैं. मैंने अपना दिन सुबह कब्रिस्तान जाकर शुरू किया... मुझे लगता है कि सभी को मतदान करना चाहिए."
झारखंड के गिरिडीह में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला.
फिल्म निर्माता और अभिनेता फरहान अख्तर मुंबई के बांद्रा स्थित एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने पहुंचे.
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर लोगों से खास अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, झारखंड के प्यारे भाइयों और मेरी बहनों! अपने लिए, अपने बच्चों के मजबूत भविष्य के लिए, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा के लिए, लोकतंत्र, संविधान व सामाजिक न्याय के लिए, और झारखंड के बेहतर भविष्य के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट कीजिए. संविधान की ओर से दी गई अपनी शक्ति से एक ऐसी सरकार चुनिए जो सिर्फ आपके लिए काम करे और आपको आगे बढ़ाए. INDIA को भारी बहुमत से विजयी बनाइए.
फिल्म निर्देशक जोया अख्तर मुंबई के बांद्रा स्थित एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने पहुंचीं.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, उनकी पत्नी और बेटी ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला.
अभिनेता अली फजल ने मुंबई के पोलिंग सेंटर पर वोट डाला. वोट डालने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली दिखाते फजल.
एनसीपी के नेता और डिप्टी सीएम अजित पवार ने कहा, जो विधायक चुनकर आएंगे वे तय करेंगे कि कौन मुख्यमंत्री होगा. हमने काम किया है. आगे भी काम करते रहेंगे. हमारा गठबंधन अच्छे बहुमत से जीतेगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र और झारखंड के मतदाताओं से पूरे उत्साह के साथ मतदान करने की अपील की.
फिल्म निर्देशक कबीर खान मुंबई में एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे.
झारखंड की धनबाद विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राज सिन्हा ने कहा, "मौजूदा रुझान और मतदाताओं की भारी संख्या को देखते हुए यह स्पष्ट है कि भाजपा इस चुनाव में अपनी सरकार बनाने जा रही है. हमने बांग्लादेशी (घुसपैठियों) का मुद्दा उठाया क्योंकि यह सच्चाई है और लोगों को इसके बारे में और इसके परिणामों के बारे में जानने की जरूरत है."
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और बारामती विधानसभा क्षेत्र से एनसीपी उम्मीदवार अजित पवार ने डाला वोट. वोट डालने के बाद उन्होंने कहा "यहां महायुति सरकार बनाने जा रही है."
नागपुर में एक पोलिंग सेंटर पर वोट डालने के बाद आरएसएस नेता सुरेश भैयाजी जोशी ने कहा, "लोगों को अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करना चाहिए और अपना वोट समझदारी से डालना चाहिए."
झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए वोट डालने के लिए दुमका में एक मतदान केंद्र के बाहर कतार में खड़े लोग.
मुंबई भाजपा अध्यक्ष और बांद्रा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार आशीष शेलार ने मुंबई में बांद्रा के सेंट स्टैनिस्लॉस हाई स्कूल में स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला.
यूपी विधानसभा की जिन 9 सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें करहल (मैनपुरी), सीसामऊ(कानपुर), कटेहरी (अंबेडकरनगर), कुंदरकी (मुरादाबाद), मीरपुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, फूलपुर (प्रयागराज), खैर (अलीगढ़) और मझवां (मिर्जापुर) शामिल हैं.
वहीं पंजाब में जिन 4 विधानसभा सीटों पर वोटिंग है, उनमें गिद्दड़बाहा (मुक्तसर), डेराबाबा नानक (गुरदासपुर), चब्बेवाल (होशियारपुर), बरनाला (बरनाला) है.
केरल की 1 विधानसभा सीट पलक्कड़ पर उपचुनाव है. इसके अलावा उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट और महाराष्ट्र में नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव है.
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, "लोकतंत्र में मतदान करना नागरिक का कर्तव्य है. हर नागरिक को यह कर्तव्य निभाना चाहिए. मैं उत्तराखंड में था, लेकिन कल रात वोट डालने के लिए यहां आया हूं. हर किसी को मतदान करना चाहिए."
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कोलाबा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मुंबई के राजभवन स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. महायुति ने यहां से राहुल नार्वेकर (भाजपा) को मैदान में उतारा है, उनका मुकाबला महाविकास अघाड़ी के हीरा देवासी (कांग्रेस) से है.
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत नागपुर में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला. वोट डालने के बाद स्याही लगी अपनी उंगली दिखाते हुए.
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और बारामती विधानसभा क्षेत्र से एनसीपी उम्मीदवार अजित पवार वोट डालने के लिए बारामती के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे और मीडिया से बात की.
मुंबा देवी सीट से शिवसेना उम्मीदवार शाइना एनसी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान से पहले मुंबई के श्री मुंबादेवी मंदिर में पूजा-अर्चना की.
मुंबई के एक मतदान केंद्र पर मॉक पोलिंग चल रही है. राज्य की सभी 288 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो जाएगा.
पुणे के महात्मा सोसायटी क्लब हाउस स्थित मतदान केंद्र पर मॉक पोलिंग चल रही है.
भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) के अनुसार, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कुल 4,136 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 2019 में यह संख्या 3,239 थी. 2019 के राज्य विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार उम्मीदवारों की संख्या में 28 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. इन उम्मीदवारों में 2,086 निर्दलीय हैं. 150 से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में बागी उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें महायुति और एमवीए के उम्मीदवार अपनी पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं.
- हिंदी न्यूज़
- चुनाव 2024
- Assembly Elections Highlights: 'मुस्लिमों को वोट डालने से रोका गया', यूपी की इस सीट पर सपा ने की उपचुनाव रद्द करने की मांग