कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को लेकर PM Modi ने विपक्ष के आरोपों पर ली चुटकी | abp Ganga
ABP Ganga | 25 Dec 2020 08:58 PM (IST)

आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 96वीं जयंती है. अटल जयंती को भाजपा सुसाशन दिवस के रूप में मनाती है, लेकिन किसान आंदोलन के बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के किसानों से एक बार फिर सीधा संवाद किया. अटल जयंती के मौके पर पीएम मोदी ने देश के 9 करोड़ से ज्यादा किसानों को बड़ा तोहफा देते हुए उनके खातों में किसान सम्मान निधि की सातवीं किस्त के तौर पर 18000 रुपये सीधे ट्रांसफर कर दिये. 6 राज्यों के किसानों से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कृषि कानून का विरोध करने वाले किसानों की शंकाओं को दूर करते हुए कृषि कानूनों को देश के किसानों के हित में बताया. उन्होंने कृषि कानून के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन के मुद्दे पर विपक्ष को जमकर लताड़ा. प्रधानमंत्री ने दिल्ली में चल रहे आंदोलन पर कहा कि ये आंदोलन एमएसपी की गारंटी की मांग को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन अब ये आंदोलन अलग शक्ल ले चुका है. पीएम ने कहा कि किसान चाहे जहां अपनी फसल बेच सकते हैं, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसान अपनी फसल को बेच सकते हैं. वहीं, किसानों से संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को लेकर विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए चुटकी ली और अरुणाचल प्रदेश के किसान से सवाल पूछा कि क्या कंपनी उनकी उपज के साथ उनकी जमीन भी साथ ले गई.