भदोही के कुएं में इन अजीब हरकतों से परेशान गांव के लोग। ABP Ganga
manishn | 15 Oct 2019 04:05 PM (IST)
भदोही जिले के पिपरी गांव के लोग इन दिनों खौफ और दहशत के साये में अपनी जिंदगी जी रहे हैं। दहशत की वजह है गांव का एक कुंआ। इस कुंए से इन दिनों अजीब सी आवाजें आती हैं। देर तक गूंजने वाली धड़ाम की तेज आवाज के बाद कुंए का पानी उफान मारने लगता है। उसमें कुछ सेकेंड के लिए लहरें सी उठती हैं और पानी बुलबुला छोड़ने लगता है। यह सिलसिला पिछले करीब दस दिनों से चल रहा है, जो वक्त के साथ बढ़ता चला जा रहा है। कुंए के पानी का रंग भी लगातार मटमैला होता जा रहा है। कुंए से निकलने वाली आवाज और पानी के अजब रवैये के चलते आसपास के तमाम लोगों ने अपने घर खाली कर दिए हैं। दहशत में जीने वाली महिलाएं अब घंटों इस कुंए की पूजा अर्चना करती रहती हैं। वहां अगरबत्ती जलाकर आरती की जाती है और कुंए की आवाज़ को कोई दैवीय प्रकोप मानकर भजन कीर्तन किये जा रहे हैं।