Pegasus जासूसी कांड पर Supreme Court अगले हफ्ते दे सकता है आदेश
ABP News Bureau | 25 Aug 2021 03:16 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिए हैं कि वह अगले हफ्ते पेगासस जासूसी मामले की जांच पर आदेश दे सकता है. मामले की जांच के लिए पश्चिम बंगाल सरकार की तरफ से आयोग के गठन का विरोध करने वाली याचिका को आज कोर्ट ने बाकी मामलों के साथ लगाने का निर्देश दिया. इस दौरान चीफ जस्टिस ने टिप्पणी की, "यह राष्ट्रव्यापी मसला है. हम पूरे मामले को अगले हफ्ते देखेंगे. इस याचिका को भी बाकी याचिकाओं के साथ लगाया जाए." गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट में पेगासस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए 15 याचिकाएं लंबित हैं. इनके जवाब में केंद्र सरकार ने एक विशेषज्ञ कमिटी बनाने का प्रस्ताव दिया है.