CAA: यूपी में पुलिस अलर्ट पर, जुमे की नमाज के बाद शांति की अपील, एक हफ्ते पहले भड़की थी हिंसा
ABP News Bureau | 27 Dec 2019 07:21 AM (IST)

आज शुक्रवार है. आज जुम्मे की नमाज पढ़ी जानी है लेकिन अमन और शांति के लिए पढ़ी जाने वाली नमाज से पहले उत्तर प्रदेश की पुलिस अलर्ट पर है. कहीं इंटरनेट पर पाबंदी लगाई गई है तो कहीं सड़क पर पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है. इसकी वजह ये है कि पिछले शुक्रवार को नागरिकता कानून के विरोध में जुमे की नमाज के बाद ही हिंसा फैली थी. अफवाह की आग ने शहर-शहर को जलाया था लिहाजा इस बार पुलिस मुस्तैद है. किसी तरह की हिंसा न हो इसके लिए पुलिस ऐहितयातन कदम उठा रही है. मुजफ्फरनगर में रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है तो गोरखपुर में पैरा मिलिट्री फोर्स ने फ्लैग मार्च किया. बहराइच में पुलिस प्रशासन ने पर्चे बांट कर लोगों से शांति की अपील की. अफवाह को दूर करने की कोशिश की तो लखनऊ में उप्रदवियों के पोस्टर लगाकर लोगों से पहचानने को कहा गया है. गाजीपुर में भी लोगों को पुलिस ने समझाने की कोशिश की.