COVID 19:यूपी में कोरोना से पहली मौत,बस्ती का रहने वाला था युवक,पोस्टमार्टम रिपोर्ट से वजह का खुलासा
ABP News Bureau | 01 Apr 2020 01:00 PM (IST)

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पहले कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत होने से शहर में हड़कंप मच गया है. यह प्रदेश में किसी कोरोना पॉजिटिव की पहली मौत है. जिस युवक की मौत हुई है उसकी उम्र 25 साल बताई जा रही है. केजीएमयू के मुताबिक गोरखपुर से जो सैम्पल आया था, वह जांच में पॉजिटिव मिला है. गोरखपुर में हुई जांच भी सही थी. केजीएमयू से क्रॉस चेक होना था. गौरतलब है कि गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती मरीज की सोमवार को मौत हो गई थी, उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण कोरोना बताया गया था. यह जानकारी मिलते ही शहर में हड़कंप मच गया. जिसके बाद इस रिपोर्ट को केजीएमयू दोबारा जांच के लिए भेजा गया था. मुंबई से कुछ दिन पहले लौटा था, सामान्य ट्रीटमेंट हो रहा था. उपचार के कई दिन बाद कोरोना का टेस्ट कराया गया.