दूसरा वनडे: भारत ने वेस्टइंडीज को 59 रन से हराया, कोहली ने जड़ा 42वां शतक
ABP News Bureau | 12 Aug 2019 07:42 AM (IST)

पोर्ट ऑफ स्पेन में हुए दूसरे वनडे में भारत ने वेस्टइंडीज को करारी शिकस्त दी है. बारिश से प्रभावित इस मैच में टीम इंडिया को डकवर्थ लुईस नियम के मुताबिक 59 रन से जीत मिली. टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 279 रन बनाए. वेस्टइंडीज की पारी के दौरान बारिश ने मैच में खलल डाला जिसके बाद वेस्टइंडीज को 46 ओवर में 270 रन का टारगेट दिया गया लेकिन वेस्टइंडीज की टीम महज 210 रन पर ढेर हो गई. मैच में शतक लगाने वाले कप्तान विराट कोहली को मैन ऑफ द मैच चुना गया. इस मैच में जीत के साथ ही टीम इंडिया 3 मैच की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है.