गोडसे पर साध्वी के बयान से मच गया बवाल, BJP ने काटी कन्नी तो विपक्ष ने साधा निशाना
ABP News Bureau | 17 May 2019 09:29 PM (IST)

अभिनेता कमल हसन के गोडसे वाले बयान पर साध्वी प्रज्ञा ने पलटवार किया है. साध्वी प्रज्ञा ने पलटवार में एक बार फिर विवादित बयान दिया है. मालवा में प्रचार के दौरान साध्वी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि नाथूराम गोडसे देशभक्त थे... हैं...और रहेंगे. मोदी सरकार में कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने ट्वीट करके कहा है, ‘’मैं खुश हूं कि करीब सात दशक के बाद आज की पीढ़ी नए बदलाव के साथ इस मुद्दे पर चर्चा कर रही है. इस चर्चा को सुनकर आज नाथूराम गोडसे अच्छा महसूस कर रहे होंगे’. उन्होंने आगे लिखा, ‘’अब समय है कि आप मुखर हों और माफी मांगने से आगे बढ़ें, अब नहीं तो कब?’’ साध्वी प्रज्ञा के बयान को लेकर कांग्रेस ने भी हमला करने में देर नहीं की. कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, ''अब साफ है, भाजपाई हैं गोडसे के वंशज! भाजपाई बताते हैं गोडसे को देशभक्त और शहीद हेमंत करकरे को देशद्रोही! हिंसा की संस्कृति और शहीदों का अपमान ही है भाजपाई डीएनए!''