पाकिस्तान में परफॉर्म करने को लेकर सिंगर मीका सिंह के घर के बाहर AICWA के सदस्यों ने किया विरोध प्रदर्शन
ABP News Bureau | 19 Aug 2019 04:27 PM (IST)

बॉलीवुड के जाने माने पॉप गायक मीका सिंह का 8 अगस्त को पाकिस्तान के कराची में एक इवेंट में गाना गाना मुसीबत बन गया है. मीका सिंह के इस गाने बजाने के खिलाफ ऑल इंडिया सिने वर्कर असोसिएशन नाम का संगठन सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रहा है. इस संगठन का आरोप है कि मीका सिंह ने भारत-पाकिस्तान के बीच इतने गहमा गहमी के बाद मुशर्रफ के रिश्तेदार के घर गाना गाकर देशद्रोह किया है. पाकिस्तान ने भारत की फिल्में बैन की हैं, फिर भी मीका सिंह पाकिस्तान में जा कर गा रहे हैं. संस्था का ये भी आरोप है कि पाकिस्तान के कलाकार अपने देश का समर्थन करते है पर मीका सिंह जैसे लोग देशविरोधी हैं. संस्था के लोगों ने मीका के घर के बाहर प्रदर्शन किया, जिन्हें बाद में पुलिस वहां से ले गयी.