आज के दौर में सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसे किस्से सामने आते हैं जो लोगों को हैरान भी कर देते हैं और उत्सुक भी बना देते हैं. कभी कोई अनोखा टैलेंट चर्चा में आ जाता है तो कभी किसी इंसान की अलग पहचान इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच लेती है. इन दिनों एक ऐसा ही मामला दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है. मलेशिया के एक शख्स की मुस्कान ने इंटरनेट यूजर्स को चौंका दिया है. वजह है उसके मुंह में मौजूद दांतों की संख्या. जहां आम तौर पर किसी इंसान के मुंह में 32 दांत होते हैं, वहीं इस शख्स के मुंह में पूरे 42 दांत हैं.
42 दांतों के साथ बनाया अनोखा रिकॉर्ड
मलेशिया के रहने वाले 33 साल के प्रथाब मुनियांडी नाम के शख्स ने सबसे ज्यादा दांत होने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उनके मुंह में कुल 42 दांत हैं, जो एक सामान्य इंसान से करीब 10 ज्यादा हैं. आम तौर पर वयस्क लोगों के मुंह में 32 दांत होते हैं, लेकिन प्रथाब के मामले में यह संख्या काफी ज्यादा है. इसी वजह से उनका नाम इस अनोखे रिकॉर्ड के लिए चर्चा में आ गया.
तेल और गैस इंडस्ट्री में इंजीनियर हैं प्रथाब
प्रथाब मुनियांडी पेशे से एक इंजीनियर हैं और तेल तथा गैस उद्योग में काम करते हैं. वह एक बच्चे के पिता भी हैं और सामान्य जीवन जीते हैं. दिलचस्प बात यह है कि इतने ज्यादा दांत होने के बावजूद उनकी रोजमर्रा की जिंदगी पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा है. उनके दांत ज्यादातर सीधी लाइन में हैं और उन्हें किसी तरह की परेशानी भी नहीं होती.
परिवार के साथ चाय पीते समय हुआ खुलासा
प्रथाब ने बताया कि उन्हें सबसे पहले इस अनोखी बात का एहसास एक पारिवारिक मुलाकात के दौरान हुआ. साल 2021 में वह अपने परिवार के साथ चाय पी रहे थे, तभी उन्हें महसूस हुआ कि उनके मुंह में कुछ अतिरिक्त दांत उग रहे हैं. जब उन्होंने यह बात अपने परिवार वालों को बताई तो सभी ने मिलकर उनके दांत गिने. उस समय उनके मुंह में 38 दांत पाए गए.
एक्स-रे में सामने आया पूरा सच
इसके बाद डॉक्टरों ने उनका डेंटल एक्स-रे किया. एक्स-रे में पता चला कि उनके मुंह में अभी चार और दांत निकलने बाकी हैं. कुछ समय बाद धीरे धीरे वे दांत भी निकल आए. साल 2023 की शुरुआत तक उनके मुंह में कुल दांतों की संख्या 42 हो गई. इस तरह उन्होंने सबसे ज्यादा दांत होने का अनोखा रिकॉर्ड बना लिया.
लोगों को पहले नजर ही नहीं आते अतिरिक्त दांत
प्रथाब का कहना है कि पहली नजर में ज्यादातर लोगों को उनके अतिरिक्त दांतों का पता ही नहीं चलता. लेकिन जब वह खुद लोगों को इसके बारे में बताते हैं, तब लोग काफी हैरान हो जाते हैं. कई लोगों को तो यह यकीन ही नहीं होता कि किसी इंसान के मुंह में सामान्य से 10 दांत ज्यादा भी हो सकते हैं.
फिर भी सेहत पर नहीं पड़ा कोई असर
इतने ज्यादा दांत होने के बावजूद प्रथाब की सेहत पर इसका कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा है. वह अपने दांतों की सफाई का खास ध्यान रखते हैं. उनका कहना है कि वह दिन में दो बार ब्रश करते हैं और नियमित रूप से फ्लॉस भी करते हैं. शायद यही वजह है कि इतने दांत होने के बावजूद उन्हें किसी तरह की समस्या नहीं होती.
यह भी पढ़ें: वर्ल्डकप की जीत के बाद वायरल हो गए हार्दिक पांड्या, गर्लफ्रेंड के साथ 1-2 नहीं ढेरों वीडियो वायरल
यूजर्स ने ले लिए मजे, बोले कोई बत्तीसी नहीं तोड़ पाएगा
सोशल मीडिया पर यह अनोखी कहानी लोगों को काफी दिलचस्प लग रही है. कई लोग इसे प्रकृति का अनोखा करिश्मा बता रहे हैं, तो कई यूजर्स इस बात पर हैरानी जता रहे हैं कि किसी के मुंह में 42 दांत भी हो सकते हैं. यही कारण है कि यह खबर इंटरनेट पर तेजी से चर्चा का विषय बनी हुई है. कुछ यूजर्स ने तो यहां तक कह दिया कि कोई इस शख्स की बत्तीसी नहीं तोड़ सकता.
यह भी पढ़ें: मुझे भूल गए क्या? एयरपोर्ट पर प्रिया सरोज को भूले रिंकू सिंह तो सांसद साहिबा ने यूं दिलाया याद, वीडियो वायरल
