दुनिया में ट्रैफिक नियम तोड़ने पर चालान लगना आम बात है, लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि सिर्फ तेज गाड़ी चलाने पर किसी को करोड़ों रुपये का जुर्माना भरना पड़े? यूरोप के एक देश से सामने आई यह खबर लोगों को हैरान कर रही है. यहां एक बिजनेसमैन की एक छोटी सी गलती उस पर इतनी भारी पड़ गई कि उसे लाखों यूरो का जुर्माना भरना पड़ा. यह मामला न सिर्फ चौंकाने वाला है, बल्कि यह भी दिखाता है कि कुछ देशों में कानून कितना सख्त और अलग तरीके से लागू होता है.

Continues below advertisement

कौन हैं ये बिजनेसमैन?

Anders Wiklöf फिनलैंड के एक बड़े और मशहूर कारोबारी हैं. वह Wiklöf Holding AB के संस्थापक हैं, जिसकी सालाना कमाई 350 मिलियन यूरो से भी ज्यादा बताई जाती है. अपनी दौलत और बिजनेस के लिए मशहूर विकलोफ अब एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कारोबार नहीं, बल्कि उनका चालान है.

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में विकलोफ को Aland Islands इलाके में अपनी स्पोर्ट्स कार चलाते हुए पकड़ा गया. वह 30 किमी प्रति घंटे की सीमा वाले इलाके में 59 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे. फिनलैंड में अगर कोई व्यक्ति तय सीमा से 20 किमी/घंटा ज्यादा तेज गाड़ी चलाता है, तो इसे गंभीर अपराध माना जाता है. यहां सबसे खास बात यह है कि वहां जुर्माना व्यक्ति की कमाई के हिसाब से तय होता है. इसी नियम के तहत विकलोफ पर करीब 1,20,000 यूरो यानी लगभग 1.3 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया.

Continues below advertisement

जुर्माने पर क्या बोले विकलोफ?

इतना बड़ा जुर्माना लगने के बाद भी विकलोफ ने कोई बहाना नहीं बनाया. उन्होंने साफ कहा कि अगर उनसे गलती हुई है तो वह उसे स्वीकार करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उनका ड्राइविंग लाइसेंस रद्द नहीं किया गया, क्योंकि अगर कोई 30 किमी/घंटा से ज्यादा स्पीड पार करता है तो लाइसेंस भी सस्पेंड हो सकता है.

पहले भी दे चुके हैं भारी जुर्माना

यह पहली बार नहीं है जब विकलोफ पर इतना भारी चालान लगा हो. साल 2023 में भी उन्हें इसी तरह के मामले में बड़ा जुर्माना भरना पड़ा था. खुद विकलोफ के अनुसार, पिछले 13 सालों में वह करीब 4 लाख यूरो (लगभग 3.5 करोड़ रुपये) सिर्फ स्पीडिंग चालान में खर्च कर चुके हैं.

दुनिया का सबसे महंगा चालान

हालांकि विकलोफ का जुर्माना काफी बड़ा है, लेकिन यह दुनिया का सबसे महंगा चालान नहीं है. साल 2010 में एक स्वीडिश ड्राइवर को स्विट्जरलैंड में करीब 10 लाख डॉलर (लगभग 8 करोड़ रुपये) का चालान भरना पड़ा था. वह 120 किमी/घंटा की सीमा वाले इलाके में 290 किमी/घंटा की रफ्तार से गाड़ी चला रहा था. वहां भी जुर्माना उसकी आय और संपत्ति के आधार पर तय किया गया था.

यह भी पढ़ें: Petrol pump viral jugaad: बोतल में नहीं मिल रहा था पेट्रोल तो Passion की टंकी लेकर पहुंच गया युवक, वीडियो देख छूट जाएगी हंसी

यूजर्स ने जमकर लिए मजे

इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने मजेदार कमेंट्स की बारिश कर दी. एक यूजर ने लिखा, “भाई अमीर होना भी महंगा शौक है!” तो वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, “हमारे यहां तो 500 का चालान भी भारी लगता है, यहां सीधे करोड़ों उड़ गए.” एक और यूजर ने लिखा, “स्पीड कम रखो वरना बैंक बैलेंस उड़ जाएगा.”

यह भी पढ़ें: "मुझे पाकिस्तान पसंद है" भारत घूमने आए विदेशी टूरिस्ट ने किया दावा तो उठा ले गई पुलिस, वीडियो हुआ वायरल