लैपटॉप पर काम करते हुए अचानक इंटरनेट बंद हो जाए, तो छोटी-सी परेशानी भी काफी समय खराब कर सकती है. कभी Windows लैपटॉप Wi-Fi से कनेक्ट नहीं होता, तो कभी कनेक्शन दिखने के बाद भी वेबसाइट नहीं खुलती है. कुछ मामलों में Wi-Fi का ऑप्शन ही गायब हो जाता है या बार-बार इंटरनेट डिस्कनेक्ट होने लगता है. ऐसी स्थिति में ज्यादातर लोग राउटर या लैपटॉप में खराबी मान लेते हैं, जबकि इसकी वजह गलत सेटिंग, पुराना नेटवर्क ड्राइवर या कमजोर सिग्नल भी हो सकता है. तो आइए जानते हैं कि Wi-Fi से Windows लैपटॉप कनेक्ट नहीं हो रहा तो किन सेटिंग्स पर ध्यान दें.
सबसे पहले Wi-Fi और Airplane Mode चेक करें
लैपटॉप में इंटरनेट नहीं चल रहा है, तो सबसे पहले टास्कबार में नेटवर्क आइकन पर क्लिक करें. यहां देखें कि Wi-Fi चालू है या नहीं और आपके नेटवर्क के नीचे Connected लिखा दिखाई दे रहा है या नहीं, इसके अलावा Settings में जाकर Airplane Mode को भी चेक करें. अगर यह चालू है, तो इसे बंद कर दें. कुछ लैपटॉप में वायरलेस कनेक्शन के लिए अलग स्विच या कीबोर्ड बटन भी दिया जाता है.
Wi-Fi नेटवर्क को दोबारा कनेक्ट करें
कई बार Windows में सेव नेटवर्क की जानकारी के कारण कनेक्शन में परेशानी आ सकती है. इसके लिए Settings में Network & Internet के अंदर Wi-Fi और Manage known networks पर जाएं. अपने नेटवर्क को चुनकर Forget करें. इसके बाद दोबारा Wi-Fi से कनेक्ट करें और पासवर्ड डालें. ध्यान रखें कि नेटवर्क हटाने से पहले आपको उसका सही पासवर्ड पता होना चाहिए.
राउटर और लैपटॉप को करें रीस्टार्ट
अगर समस्या बनी हुई है, तो लैपटॉप के साथ मॉडेम और राउटर को भी रीस्टार्ट करके देखें. राउटर की बिजली हटाकर करीब 30 सेकंड इंतजार करें और फिर उसे चालू करें. इंटरनेट कनेक्शन दोबारा शुरू होने के बाद लैपटॉप को कनेक्ट करें. अगर घर के दूसरे डिवाइस में भी इंटरनेट नहीं चल रहा है, तो समस्या राउटर, मॉडेम या इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर की तरफ हो सकती है.
यह भी पढ़ें -गेमिंग कंसोल में Ray Tracing क्या है? कैसे बदलती है ग्राफिक्स की दुनिया
नेटवर्क ड्राइवर और Windows अपडेट करें
पुराना या खराब नेटवर्क ड्राइवर भी Wi-Fi कनेक्शन में रुकावट डाल सकता है. इसके लिए Device Manager खोलें और Network adapters में जाकर अपने वायरलेस एडाप्टर को चेक करें. जरूरत पड़ने पर ड्राइवर अपडेट करें. अगर समस्या अपडेट के बाद शुरू हुई है, तो इस बात पर भी ध्यान दें. साथ ही Settings में Windows Update खोलकर उपलब्ध अपडेट इंस्टॉल करें.
इंटरनेट फिर भी नहीं चल रहा तो क्या करें?
अगर Wi-Fi कनेक्ट होने के बाद भी इंटरनेट नहीं चल रहा है, तो दूसरे फोन या लैपटॉप पर उसी नेटवर्क को चलाकर देखें. इसके अलावा 2.4 GHz और 5 GHz वाले नेटवर्क में से दूसरे ऑप्शन से कनेक्ट करने की कोशिश कर सकते हैं. साथ ही Windows में Network Reset का इस्तेमाल किया जा सकता है, हालांकि इससे नेटवर्क एडाप्टर और उनकी सेटिंग्स रीसेट हो जाती हैं.
यह भी पढ़ें - Apple के फोल्डेबल iPhone की बैटरी कितनी बड़ी? कैपेसिटी का खुलासा
