WhatsApp Group Chat Update : WhatsApp ग्रुप में कई बार बातचीत इतनी आगे बढ़ जाती है कि नए जुड़ने वाले सदस्य पुरानी बातों से अनजान रह जाते हैं. वहीं किसी जरूरी मैसेज को लंबे समय तक ढूंढना भी आसान नहीं होता है. ऐसे में ग्रुप की बातचीत को बेहतर तरीके से मैनेज करने के लिए WhatsApp ने नए बदलाव किए हैं. Meta के इस इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ने ग्रुप चैट के लिए चार नए फीचर्स पेश किए हैं. तो आइए जानते हैं कि WhatsApp ग्रुप में जुड़े 4 नए फीचर्स क्या हैंं और इन नए फीचर्स से एडमिन और मेंबर्स को क्या फायदा होगा.
WhatsApp ग्रुप में जुड़े 4 नए फीचर्स क्या हैं?
1. नए मेंबर्स को भेज सकेंगे पुरानी चैट हिस्ट्री - WhatsApp के नए अपडेट में ग्रुप एडमिन और मैनेजर्स के लिए एक खास सुविधा जोड़ी गई है. अब अगर कोई नया सदस्य ग्रुप में शामिल होता है, तो उसे पहले हुई बातचीत के कुछ मैसेज भी भेजे जा सकेंगे. इसके लिए एडमिन या मैनेजर हाल ही में जुड़े सदस्य के नाम पर टैप करके पुरानी चैट हिस्ट्री शेयर कर सकते हैं. कंपनी के मुताबिक, शेयर किए जाने वाले मैसेज एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगे.
2. जरूरी मैसेज कर सकेंगे पिन - ग्रुप में किसी जरूरी जानकारी को बार-बार ढूंढने की परेशानी भी कम होने वाली है. WhatsApp अब यूजर्स को ग्रुप चैट में मैसेज हमेशा के लिए पिन करने का विकल्प दे रहा है. अभी तक किसी मैसेज को अधिकतम 30 दिनों तक ही पिन किया जा सकता था. इसके अलावा यूजर्स 24 घंटे और 7 दिनों के लिए भी मैसेज पिन कर सकते थे. नए फीचर के बाद पिन किए गए मैसेज को हमेशा के लिए ग्रुप में सबसे ऊपर रखा जा सकेगा.
3. मेंशन वाले मैसेज ढूंढना आसान - ग्रुप में रोजाना ढेर सारे मैसेज आते हैं, ऐसे में यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि किस बातचीत में आपको टैग किया गया है. इस समस्या को ध्यान में रखते हुए WhatsApp ने मेंशन फिल्टर की सुविधा जोड़ी है. इसे इस्तेमाल करने पर चैट में सिर्फ मैसेज हाइलाइट होंगे, जिनमें किसी यूजर को मेंशन किया गया है. इससे जरूरी बातचीत पर ध्यान देना आसान होगा.
यह भी पढ़ें -Samsung Sleep Apnea Detection: रातभर सांसों पर नजर रखेगी Samsung की टेक्नोलॉजी, कैसे करेगी काम?
4. ग्रुप मेंबर्स के साथ शेयर कर सकेंगे स्टेटस - WhatsApp का चौथा फीचर ग्रुप स्टेटस से जुड़ा है. अब यूजर्स अपना स्टेटस किसी खास ग्रुप के सदस्यों के साथ शेयर कर सकेंगे. यह सुविधा सामान्य WhatsApp Status की तरह काम करेगी, जिसमें फोटो और वीडियो शेयर किए जा सकते हैं. ग्रुप स्टेटस 24 घंटे बाद अपने आप गायब हो जाएगा. खास बात यह है कि ग्रुप के दूसरे सदस्य उस स्टेटस पर रिएक्शन दे सकेंगे और अपना स्टेटस भी जोड़ सकेंगे.
एडमिन-मेंबर्स को क्या होगा फायदा?
WhatsApp के इन नए फीचर्स से ग्रुप एडमिन और मेंबर्स दोनों के लिए चैट मैनेज करना आसान होगा. एडमिन नए सदस्यों को पहले हुई बातचीत के मैसेज भेज सकेंगे, जिससे उन्हें ग्रुप की पुरानी चर्चाओं और जरूरी जानकारियों को समझने में मदद मिलेगी. वहीं किसी नए मेंबर को शुरुआत में चैट हिस्ट्री भेजना भूल जाने पर भी बाद में इसे शेयर किया जा सकेगा. मेंबर्स जरूरी मैसेज को हमेशा के लिए पिन कर पाएंगे और मेंशन फिल्टर की मदद से उन मैसेज को आसानी से ढूंढ सकेंगे, जिनमें उन्हें टैग किया गया है.
यह भी पढ़ें -Vivo Y600 Sale: 10000mAh बैटरी के साथ Vivo Y600 की बिक्री शुरू, जानें कीमत
