सोशल मीडिया पर कोई मजेदार वीडियो दिख जाए, तो उसे दोस्तों के साथ शेयर करने का मन जरूर करता है. कई बार Instagram पर देखते हुए कोई Reel पसंद आ जाती है, लेकिन उसे WhatsApp पर भेजने के लिए अलग से ऑप्शन ढूंढना पड़ता है. अब इसी काम को आसान बनाने के लिए WhatsApp एक नए फीचर की टेस्टिंग कर रहा है. इसके तहत यूजर्स को चैट के अटैचमेंट मेन्यू में ही Instagram Reels के लिए अलग बटन मिल सकता है.
इससे पसंदीदा वीडियो खोजने और उन्हें दोस्तों या परिवार के सदस्यों के साथ शेयर करने में कम स्टेप्स लगेंगे, फिलहाल यह फीचर कुछ Android बीटा यूजर्स के लिए जारी किया जा रहा है. WhatsApp ने अभी यह जानकारी नहीं दी है कि इसे सभी यूजर्स के लिए कब उपलब्ध कराया जाएगा.
WhatsApp चैट में मिलेगा Reels का अलग बटन
रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp के Android बीटा वर्जन 2.26.42.9 में Reels शेयर करने के लिए नए शॉर्टकट की जानकारी मिली है. यह अपडेट Google Play Store पर उपलब्ध है और कुछ बीटा टेस्टर्स को इसका इस्तेमाल करने का मौका मिल रहा है.इस फीचर के आने के बाद यूजर्स को किसी चैट में फोटो या वीडियो शेयर करने के लिए अटैचमेंट मेन्यू खोलने पर Reels का अलग ऑप्शन दिखाई देगा. इस पर टैप करके Instagram पर देखे गए वीडियो खोजे जा सकेंगे. इससे यूजर्स को सामान्य मीडिया पिकर में जाकर Instagram कंटेंट ढूंढने की जरूरत नहीं होगी.
Instagram Reels शेयर करने के लिए मिलेंगे तीन ऑप्शन
नए शॉर्टकट में यूजर्स को तीन अलग-अलग टैब मिलेंगे. इनमें Recents, Saved और Liked शामिल हैं. Recents में हाल ही में Instagram पर देखी गई Reels दिखाई देंगी. Saved टैब में वे वीडियो मिलेंगे जिन्हें यूजर ने सेव किया है, जबकि Liked सेक्शन में पसंद की गई Reels देखी जा सकेंगी. यूजर्स इन तीनों सेक्शन में जाकर अपनी पसंद का वीडियो चुन सकेंगे और सीधे WhatsApp चैट में भेज सकेंगे. इससे पहले देखी गई किसी Reel को दोबारा खोजने में भी आसानी हो सकती है.
यह भी पढ़ें -फ्लिप डिजाइन, रिमूवेबल बैटरी और AI साथी, HMD का यह फोन सबसे अलग
फीचर यूज करने के लिए लिंक करने होंगे अकाउंट
इस शॉर्टकट का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को अपना WhatsApp अकाउंट Meta के Accounts Center से लिंक करना होगा. इसके जरिए WhatsApp, Instagram और Facebook के बीच कंटेंट शेयर करने की सुविधा मिलती है, हालांकि अकाउंट लिंक करना जरूरी नहीं है, जो लोग अपने WhatsApp को Instagram और Facebook से अलग रखना चाहते हैं, वे पहले की तरह ऐप इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन उन्हें नया Reels शॉर्टकट नहीं दिखाई देगा.
सभी यूजर्स के लिए कब आएगा फीचर?
अभी यह सुविधा कुछ Android बीटा टेस्टर्स तक सीमित है. compatible वर्जन इस्तेमाल करने वाले हर यूजर को भी यह ऑप्शन तुरंत नहीं मिलेगा. WhatsApp ने अभी इसके व्यापक रोलआउट की तारीख घोषित नहीं की है. iPhone यूजर्स के लिए इसकी उपलब्धता को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें -53 घंटे तक म्यूजिक और Hi-Res Audio, Oppo Enco X4 भारत में लॉन्च
