पिछले कुछ सालों से साइबर ठगी के मामले काफी बढ़ गए है. जैसे-जैसे जमाना डिजिटल हुआ है ठगों ने भी अपना जाल डिजिटली फैला लिया है. साइबर ठगों से बचने के लिए आमतौर पर सभी को यही समझाया जाता है कि किसी अनजान शख्स के साथ अपना OTP शेयर मत करो और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचो. लोग इन सभी बातों का पूरा ध्यान रखते हैं.
लेकिन अब साइबर ठगों ने अब लूटपाट का एक ऐसा खतरनाक तरीका निकाल लिया है. जिसके बारे में सुनकर ही आपके होश उड़ जाएंगे. अब ठगों को आपका बैंक खाता खाली करने के लिए किसी OTP और लिंक की जरूरत ही नहीं पड़ रही है. सिर्फ WhatsApp पर NO लिखकर भेजने से ही लोगों को चपत लग रही है. हाल ही में ऐसा एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जान लें पूरी खबर.
पैसे कटने का झूठा डर दिखाकर जाल में फंसाते हैं ठग
इस नए स्कैम की शुरुआत लोगों के मन में अचानक घबराहट और डर पैदा करने से होती है. सबसे पहले स्कैमर्स किसी अनजान और ज्यादातर इंटरनेशनल नंबर से आपके WhatsApp पर एक मैसेज भेजते हैं. यह मैसेज दिखने में बिल्कुल आपके बैंक के अलर्ट जैसा ही लगता है जिसमें दावा किया जाता है कि आपके बैंक अकाउंट से अभी-अभी एक बड़ी रकम काट ली गई है.
आप कुछ समझ पाएं उससे पहले ही तुरंत एक दूसरा मैसेज पॉप-अप होता है. उसमें लिखा होता है कि अगर यह ट्रांजैक्शन आपने नहीं किया है तो पेमेंट को तुरंत रोकने के लिए जवाब में NO लिखकर भेजें. अब जाहिर सी बात है कि अचानक हजारों रुपये कटने की बात पढ़कर कोई भी इंसान घबरा जाता है. अपना पैसा बचाने की जल्दबाजी में लोग बिना सोचे-समझे तुरंत NO टाइप करके रिप्लाई कर देते हैं.
बिना ओटीपी और लिंक के कैसे हैक हो जाता है फोन?
अब आपके दिमाग में यह सवाल जरूर उठ रहा होगा कि सिर्फ NO लिखने भर से बैंक खाता कैसे खाली हो सकता है. टेक्निकल भाषा में हैकिंग की इस नई तकनीक को Auto Execution File Attack कहा जाता है. असल में जब स्कैमर्स आपको WhatsApp पर वह फर्जी मैसेज भेजते हैं तो उसके पीछे बैकग्राउंड में एक छुपी हुई खतरनाक स्क्रिप्ट यानी मैलवेयर कोड जुड़ा होता है.
WhatsApp का डिफॉल्ट सिक्योरिटी सिस्टम किसी भी अनजान नंबर से आने वाली ऐसी कमांड को तब तक ब्लॉक करके रखता है, जब तक यूजर खुद उस चैट पर कोई रिस्पॉन्स न दे. लेकिन जैसे ही आप जवाब में NO लिखकर सेंड का बटन दबाते हैं App को लगता है कि आप उस नंबर को जानते हैं. बस यहीं से वह छुपी हुई खतरनाक स्क्रिप्ट आपके फोन में अपने आप एक्टिव हो जाती है. इसके चालू होते ही हैकर्स को आपके Phone का पूरा एक्सेस मिल जाता है और वे बैंकिंग डिटेल्स चुराकर सारा पैसा उड़ा लेते हैं.
यह भी पढ़ें: गैलरी में फोटो न वीडियो फिर भी स्टोरेज फुल! कौन खा रहा फोन का स्पेस?
ऐसे फर्जी मैसेज आने पर क्या करें और कैसे बचें?
इस तरह साइबर ठगी से बचने का सबसे पहला नियम यही है कि किसी भी अनजान नंबर से आए WhatsApp मैसेज पर YES और NO में बिल्कुल भी जवाब न दें. हमेशा याद रखें कि कोई भी असली बैंक कभी किसी रैंडम WhatsApp नंबर से मैसेज भेजकर आपसे ट्रांजैक्शन वेरिफाई करने के लिए नहीं कहता है. अगर आपके पास पैसे कटने का ऐसा कोई मैसेज आता है तो घबराकर वहीं रिप्लाई करने के बजाय तुरंत उस नंबर को ब्लॉक करें और बिना कुछ टाइप किए चैट को डिलीट कर दें.
अपने खातों की जांच करने के लिए सिर्फ बैंक की ऑफिशियल ऐप, वेबसाइट और कस्टमर केयर नंबर का ही इस्तेमाल करें. साथ ही सिक्योरिटी बग्स से बचने के लिए अपने WhatsApp को हमेशा अपडेटेड रखें. फिर भी अगर आपके साथ किसी तरह का साइबर फ्रॉड हो जाता है. तो तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और सरकार के ऑफिशियल पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं.
यह भी पढ़ें: फोटो डिलीट करते ही क्लाउड से भी गायब, बैकअप में कहां हुई गलती?
