टीवी खरीदते समय आपने OLED, QLED और Mini LED जैसे नाम जरूर देखे होंगे. ये तीनों टेक्नोलॉजी तस्वीर की क्वालिटी बेहतर बनाने के लिए यूज होती हैं, लेकिन स्क्रीन पर रोशनी पैदा करने और उसे कंट्रोल करने का इनका तरीका अलग-अलग है. इसी वजह से इनकी ब्राइटनेस, रंगों और कंट्रास्ट में अंतर दिखाई देता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि OLED, QLED और Mini LED कैसे काम करते हैं और इनमें क्या अंतर है. 

Continues below advertisement

एक ही वीडियो की तस्वीर में क्यों अंतर आता है?

एक ही वीडियो अलग-अलग टीवी पर देखने पर उसकी तस्वीर में अंतर नजर आ सकता है. इसकी वजह टीवी में यूज होने वाली डिस्प्ले टेक्नोलॉजी है. OLED, QLED और Mini LED में स्क्रीन पर रोशनी दिखाने का तरीका अलग होता है. इसी कारण किसी टीवी पर रंग ज्यादा चमकदार दिखते हैं, तो किसी में डार्क हिस्से ज्यादा साफ और गहरे नजर आते हैं. स्क्रीन की ब्राइटनेस, कंट्रास्ट और रंगों को दिखाने की क्षमता भी तस्वीर के एक्सपीरियंस को बदलती है. 

Continues below advertisement

OLED TV में कैसे बनती है तस्वीर?

OLED का पूरा नाम ऑर्गेनिक लाइट एमिटिंग डायोड है. इस टेक्नोलॉजी में स्क्रीन को रोशनी देने के लिए अलग बैकलाइट की जरूरत नहीं पड़ती है. इसकी जगह हर पिक्सल अपनी रोशनी खुद पैदा करता है और जरूरत पड़ने पर पूरी तरह बंद भी हो सकता है. इसका फायदा  डार्क सीन्स में दिखाई देता है. जैसे किसी फिल्म में रात का सीन हो, तो स्क्रीन के काले हिस्से असली में काले नजर आ सकते हैं. इससे तस्वीर में कंट्रास्ट बेहतर होता है. OLED उन लोगों को पसंद आ सकता है, जो कम रोशनी वाले कमरे में फिल्में और OTT कंटेंट देखना पसंद करते हैं. 

यह भी पढ़ें -घर के हर कोने तक Wi-Fi कैसे पहुंचाता है Mesh सिस्टम? जानें टेक्नोलॉजी

QLED TV में क्या है खास?

QLED टीवी में LED बैकलाइट के साथ क्वांटम डॉट्स की एक खास लेयर होती है. यह लेयर रंगों को ज्यादा चमकदार और बेहतर बनाने में मदद करती है. इस टेक्नोलॉजी की खासियत इसकी अच्छी ब्राइटनेस और रंगों को उभारने की क्षमता है. ऐसे में दिन के समय रोशनी वाले कमरे में टीवी देखने वालों के लिए QLED एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इस कैटेगरी में अलग-अलग कीमतों और स्क्रीन साइज के मॉडल भी मिलते हैं. 

Mini LED कैसे करता है काम?

Mini LED में भी LCD पैनल को रोशनी देने के लिए बैकलाइट यूज होती है, लेकिन इसमें सामान्य LED के मुकाबले छोटे LEDs लगाए जाते हैं. इनकी संख्या ज्यादा होने से स्क्रीन के अलग-अलग हिस्सों की रोशनी को ज्यादा सटीक तरीके से कंट्रोल किया जा सकता है. इससे चमकदार और डार्क हिस्सों के बीच बेहतर अंतर दिखाई दे सकता है. HDR फिल्में, स्पोर्ट्स और गेमिंग देखने वालों के लिए यह यूजफुल हो सकता है. कई टीवी में Mini LED के साथ QLED टेक्नोलॉजी भी मिलती है. 

यह भी पढ़ें -Jio और Airtel के प्लान में 11 रुपये का अंतर, डेटा और वैलिडिटी में कौन आगे?