उत्तर प्रदेश सरकार ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बेहतर कनेक्टिविटी देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. गंगा एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट को जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना को गति देने के लिए 300 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि जारी की गई है. यह राशि मुख्य रूप से भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को तेज करने के लिए दी गई है, जिससे परियोजना के शुरुआती चरण में तेजी आने की उम्मीद है.

Continues below advertisement

जानकारी के अनुसार इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की कुल अनुमानित लागत लगभग 1734 करोड़ रुपये तय की गई है. इससे पहले भी इस परियोजना के लिए 1037 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, और अब अतिरिक्त 300 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. यह एक्सप्रेसवे जेवर एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे के बुलंदशहर लिंक से जोड़ेगा, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा.

कहां यूज होगी धनराशि?

वहीं सरकार ने स्पष्ट किया है कि जारी की गई धनराशि का उपयोग केवल स्वीकृत कार्यों, विशेषकर भूमि अधिग्रहण, में ही किया जाएगा. इसके साथ ही वित्तीय नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं. परियोजना में किसी भी प्रकार की अनियमितता या देरी के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा.

Continues below advertisement

परियोजना के पूरा होने से कम होगा यात्रा का समय

गौरतलब है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी. साथ ही, यह क्षेत्र लॉजिस्टिक्स हब के रूप में भी विकसित हो सकेगा, जिससे औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा. बुलंदशहर, अलीगढ़ और आसपास के जिलों में जमीन की कीमतों में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है.

परियोजना को समय से पूरा करने के निर्देश

सरकार ने यह भी निर्देश दिए हैं कि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि लागत और समय की अनावश्यक बढ़ोतरी (कॉस्ट और टाइम ओवररन) से बचा जा सके. साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इस परियोजना के लिए पहले से किसी अन्य योजना के तहत धन स्वीकृत न हो, जिससे दोहराव की स्थिति उत्पन्न न हो.