उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएन) लिमिटेड के निदेशक मंडल की 133वीं बैठक में बुधवार (1 अप्रैल) को कई बड़े फैसले लिए गए. इस बैठक में नेपाल-चीन सीमा से सटे जिले पिथौरागढ़ में बिजली परियोजना को मंजूरी मिल गई है. बता दें कि पिथौरागढ़ की सीमा चीन (तिब्बत) और काली नदी के जरिए नेपाल से सटती है.

Continues below advertisement

मुख्य सचिव एवं यूजेवीएन अध्यक्ष आनंद वर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई इस बैठक में राज्य की ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए नई जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण से जुड़े एक के बाद एक कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई.

सीमांत जिले पिथौरागढ़ को मिली बड़ी सौगात

बैठक में सबसे उल्लेखनीय फैसला सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में प्रस्तावित 120 मेगावाट की सिरकारी भ्योल रूपसियाबगड़ जल विद्युत परियोजना को लेकर लिया गया. निदेशक मंडल ने इस परियोजना के सिविल कार्यों को तत्काल प्रभाव से शुरू करने की स्वीकृति दे दी. यह परियोजना न केवल क्षेत्र में बिजली उत्पादन बढ़ाएगी, बल्कि सुदूर सीमावर्ती इलाके में रोजगार और विकास की दृष्टि से भी मील का पत्थर साबित होगी. 

Continues below advertisement

देहरादून में 600 मेगावाट की पंप स्टोरेज परियोजना की तैयारी शुरू

जनपद देहरादून में प्रस्तावित 600 मेगावाट की इछाड़ी पंप स्टोरेज परियोजना को लेकर भी बोर्ड ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए. निदेशक मंडल ने इस परियोजना के निविदा प्रपत्र तैयार करने की प्रक्रिया को सक्षम स्तर से स्वीकृत कराने के निर्देश दिए. पंप स्टोरेज तकनीक पर आधारित यह परियोजना ऊर्जा भंडारण के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है और राज्य की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में सहायक होगी. 

टौंस नदी पर त्यूणी पलासू परियोजना को भी मंजूरी

टौंस नदी पर प्रस्तावित 72 मेगावाट की त्यूणी पलासू जल विद्युत परियोजना के सिविल तथा हाइड्रो-मैकेनिकल निर्माण कार्यों को आवंटित करने का प्रस्ताव भी निदेशक मंडल ने स्वीकृत कर लिया. यह परियोजना भी देहरादून जनपद में स्थित है और इसके शुरू होने से क्षेत्र में बिजली उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.

आराकोट त्यूणी परियोजना की डीपीआर को लेकर दिशा-निर्देश

पबर नदी पर प्रस्तावित 81 मेगावाट की आराकोट त्यूणी जल विद्युत परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की स्वीकृति के लिए भी बोर्ड ने जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए. डीपीआर की मंजूरी के बाद इस परियोजना के क्रियान्वयन की राह खुलेगी.

बैठक में कौन-कौन रहा मौजूद?

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य सचिव व अध्यक्ष आनंद वर्धन के अलावा प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव वित्त दिलीप जावलकर, स्वतंत्र निदेशक इंदु कुमार पांडेय, बी.पी. पांडेय और पराग गुप्ता उपस्थित रहे. यूजेवीएन की ओर से प्रबंध निदेशक ए.के. सिंह, निदेशक परियोजनाएं सुरेश चन्द्र बलूनी, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी एवं आशीष जैन भी बैठक में शामिल हुए.

ये भी पढ़ें: FCRA Bill: 'इलेक्टोरल बॉण्ड का पैसा कब लौटाएगी BJP' अखिलेश यादव ने FCRA बिल को लेकर सरकार पर उठाए सवाल