उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में इन दिनों विधानसभा का सत्र जारी है. इसी दौरान रुद्रपुर से बीजेपी विधायक शिव अरोड़ा ने सदन में प्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने की मांग उठाई. उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक नई बहस शुरू हो गई है.
विधानसभा में अपनी बात रखते हुए शिव अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में जनसंख्या संतुलन बनाए रखने के लिए कड़े कानून की आवश्यकता है. उन्होंने सुझाव दिया कि यदि राज्य में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू किया जाता है, तो ऐसे परिवार जिनके तीन या उससे अधिक बच्चे होंगे. उन्हें कुछ सरकारी सुविधाओं से वंचित किया जाना चाहिए. इन सुविधाओं में सरकारी राशन, आयुष्मान कार्ड, सरकारी आवास जैसी योजनाएं शामिल हो सकती हैं.
14 से 18 प्रतिशत पहुंची मुस्लिम समुदाय की आबादी- शिव अरोड़ा
बीजेपी विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में एक वर्ग विशेष अपनी आस्था से जोड़कर तेजी से जनसंख्या बढ़ा रहा है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग 'हम पांच, हमारे पच्चीस' जैसी मानसिकता के साथ जनसंख्या वृद्धि को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे भविष्य में सामाजिक संतुलन प्रभावित हो सकता है. उन्होंने संकेत देते हुए कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार राज्य में मुस्लिम समुदाय की आबादी लगभग 14 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर करीब 18 प्रतिशत तक पहुंचने की बात कही जा रही है.
ये भी पढ़िए- UP News: बिजली नहीं आने पर यूपी में उपभोक्ताओं को रोज मिलेगा 50 रुपये मुआवजा! इनको मिलेगा लाभ
राज्य में चिंता का विषय बन रही घुसपैठ की समस्याएं- विधायक
शिव अरोड़ा ने यह भी कहा कि जनसंख्या वृद्धि के साथ-साथ घुसपैठ जैसी समस्याएं भी चिंता का विषय बन रही हैं. उनके अनुसार पहले यह स्थिति मुख्य रूप से हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब सुदूर पहाड़ी क्षेत्रों में भी जनसंख्या का दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है. विधायक ने यह भी कहा कि हाल के वर्षों में लैंड जिहाद और लव जिहाद जैसे मामलों की चर्चा पहाड़ी क्षेत्रों में भी बढ़ी है. उनका कहना था कि उत्तराखंड देवभूमि के रूप में दुनिया भर में आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को बनाए रखना जरूरी है.
जल्द से जल्द लागू होना चाहिए जनसंख्या नियंत्रण कानून
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि प्रदेश की सांस्कृतिक और सामाजिक संरचना को सुरक्षित रखने के लिए जल्द से जल्द जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू किया जाए. साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि कानून लागू होने के बाद जिन परिवारों में तीन बच्चे होंगे, उन्हें सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित किया जाए.
गौरतलब है कि शिव अरोड़ा उधम सिंह नगर जिले की रुद्रपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं और उनके स्वयं के दो बच्चे हैं. उनके इस बयान के बाद राज्य में जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर नई चर्चा शुरू हो गई है.
ये भी पढ़िए- यूपी में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज, वोटर्स को मिलेंगे चार रंग के बैलेट पेपर, ऐसे कर पाएंगे वोट
