अलीगढ़ में रफ्तार का कहर देखने को मिला है, बाइक से परीक्षा देने जा रहे कक्षा 10वीं के छात्र को डंपर ने रौंद दिया. इस हादसे में छात्र की मौके पर मौत हो गई, घटना के बाद डंपर चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया. छात्र की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, परिजनों ने सड़क जामकर हंगामा शुरू कर दिया. यह मामला थाना रोरावर क्षेत्र से मंगलवार को सामने आया है, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Continues below advertisement

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला अलीगढ़ के थाना रोरावर क्षेत्र का है. यहां पास के ही गांव रामनगर का रहने वाला एक छात्र सनी मंगलवार की सुबह अपने घर से अपने दो अन्य दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर हाई स्कूल की परीक्षा देने जा रहा था. बताया जा रहा है कि तभी सारसौल चौराहे से गलत दिशा में तेज रफ्तार के साथ आ रहे डंपर ने सामने से बाइक सवार छात्रों की बाइक में टक्कर मार दी.

डंपर के नीचे आने से छात्र की मौत

इस हादसे में छात्र सनी डंपर के पहियों तले बुरी तरह से कुचल गया. जिससे डंपर के पहियों तले कुचलकर उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वही हादसे में उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य  छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए.  हादसे के बाद डंपर चालक डंपर को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया. हादसे के बाद दोनों घायल छात्रों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

Continues below advertisement

मृतक के परिजनों ने जाम की सड़क

छात्र की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पेट्रोल और डीजल डालकर डंपर में आग लगाने का भी प्रयास किया. वहीं हंगामे की सूचना पर सीओ बन्नादेवी समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने परिजनों को डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है.

सीओ धनंजय सिंह ने बताया कि 10 मार्च 2026 की थाना बन्नादेवी क्षेत्र के खैर बायपास महिंद्रा एजेंसी के सामने से पुलिस को सूचना प्राप्त हुई की एक तेज रफ्तार डंपर नें बाइक को टक्कर मार दी है. उक्त सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. जहां दो व्यक्ति जमीन पर घायल पड़े हुए थे. स्थानीय पुलिस द्वारा उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.

पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया

उन्होंने बताया कि, इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने पंचायतनामा भरते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है. उन्होंने कहा कि पुलिस को पीड़ित परिजनों की ओर से अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. तहरीर प्राप्त होते ही मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई पुलिस द्वारा अमल में लाई जाएगी.