UP News: डॉ. भीमराव अंबेडर पर गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर देशभर में बवाल मच गया है. अमित शाह के बयान पर विपक्ष सरकार पर हमलावर है. इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अमित शाह के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "संसद की कार्यवाही तो खत्म हो जाएगी लेकिन मुद्दा खत्म नहीं होता है.
अखिलेश यादव ने कहा कि, विपक्ष की मांग है कि उन्हें(अमित शाह) अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए. देश को आगे ले जाने के लिए बाबा साहेब का संविधान ही हमें रास्ता दिखाता है और भाजपा समय-समय पर संविधान को कमजोर करने की कोशिश करती है.
अखिलेश यादव ने कहा कि, "भाजपा के लोग सबसे पहले असंवैधानिक काम करते हैं, अन्याय करते हैं और जब आप पीड़ित लोगों के पक्ष में खड़े होते हैं तो वे आप पर झूठे मुकदमें लगाते हैं. उन्हें(अमित शाह) अपने शब्द वापस लेने चाहिए और बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर जी का अपमान नहीं करना चाहिए."
अमित शाह के बयान पर बीजेपी ने दी सफाईगौरतलब है कि, सदन में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा भीमराव अंबेडकर पर दिए बयान पर बवाल मच गया. गुरुवार को सदन में इस मुद्दे पर गहमा-गहमी रही. विपक्ष का आरोप है कि, गृहमंत्री अमित शाह ने अंबेडकर का अपमान किया है. वहीं बीजेपी की तरफ से अमित शाह के बयान पर सफाई पेश की गई है. भारतीय जनता पार्टी ने बयान जारी कर बताया कि, वीडियो एडिट कर पेश किया गया है.
इधर, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अमित शाह के बयान पर बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा है. खरगे ने कहा कि, "गृहमंत्री ने जो सदन में बाबा साहेब का अपमान किया है, उससे एक फिर ये सिद्ध हो गया है कि भाजपा- आरएसएस तिरंगे के खिलाफ थे"
ये भी पढ़ें: 'मोहन भागवत ड्रामेबाजी कर रहे' RSS प्रमुख के मंदिर मस्जिद वाले बयान पर बोली सपा
