PM Modi Varanasi Virtual Talk: आगामी उत्तर प्रदेश चुनावों को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमायी हुई है. लेकिन कोरोना के साये ने चुनावी प्रचार का थोड़ा फीका कर दिया है. निर्वाचन आयोग ने जहां रैलियों और सभाओं के आयोजन पर फिलहाल रोक लगाई है वहीं वर्चुअल माध्यम से प्रचार करने पर जोर दिया है. इसी क्रम में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे. इसको लेकर पार्टी की ओर से जानकारी दी गई. 

बता दें कि निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पीएम मोदी का यह पहला राजनीतिक कार्यक्रम होगा. बीजेपी उत्तर प्रदेश इकाई ने अपने टि्वटर हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए लोगों से नमो ऐप के जरिये अपने विचार और सुझाव साझा करने की अपील की है. पीएम मोदी, पार्टी कार्यकताओं के साथ डिजिटल संवाद करेंगे.

इन मुद्दों पर होगी बात

इस कार्यक्रम को लेकर बीजेपी आईटी सेल प्रभारी शशि कुमार ने बताया कि आज दिन में 11 बजे पीएम मोदी पार्टी के बूथ अध्यक्षों से संवाद करेंगे. ये बूथ अध्यक्ष महानगर और जिला बूथ अध्यक्ष होंगे. सभी बूथ प्रभारियों की सूची भेज दी गई है. उन्होंने बताया कि यह बात काफी गोपनीय रखी जायेगी कि इनमें से पीएम मोदी किससे सीधा संवाद करेंगे. प्रभारी शशि कुमार ने यह भी बताया कि सभी बूथ प्रभारियों में से आठ का चयन किया जाएगा, जिनसे कोरोना को लेकर उपाय व टीकाकरण में कितनी प्रगति हो रही है, इस पर बातचीत होगी.

इसके साथ ही शहर की अन्य समस्याओं पर भी बूथ अध्यक्ष चाहे तो बात कर सकता है. इसके अलावा, अगर पीएम मोदी चुनावी तैयारियों को लेकर कोई सवाल करते हैं तो उसपर भी बातचीत होने की संभावना है. बताते चलें कि उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में चुनाव होने हैं और 10 मार्च को नतीजों का एलान होगा.

यह भी पढ़ें-

UP Election 2022: रैली में भीड़ जुटाने से मुश्किल में समाजवादी पार्टी, चुनाव आयोग ने दिया नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब

UP Assembly Election 2022: सपा-बसपा और कांग्रेस के इन नेताओं ने थामा बीजेपी का दामन, जानिए- पार्टी ज्वाइन करके क्या कहा