मेरठ में पारिवारिक विवाद के चलते बीजेपी नेता के बेटे ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. बेटे की मौत की खबर सुनकर उसके पिता राजीव गुप्ता की तबीयत बिगड़ गईं और उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. राजीव गुप्ता बीजेपी कंकरखेड़ा मंडल उपाध्यक्ष हैं. आज दो नवंबर को युवक की शादी की पहली सालगिरह भी थी.
मृतक युवक का नाम प्रबल कुमार गुप्ता है. जानकारी के मुताबिक, प्रबल की शादी पिछले साल 2 नवंबर 2025 को हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था. मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों को पुलिस लाइन में काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था. शनिवार को महिला थाने में उनकी काउंसलिंग हुई थी.
बीजेपी नेता के बेटे ने खाया जहर
आरोप है कि काउंसलिंग के दौरान दारोगा और एक कांस्टेबल ने प्रबल और उसके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया. परिजनों का आरोप है कि दारोगा मुकेश कुमार ने प्रबल और उसके परिवार को धमकाया और उन पर दबाव बनाया. इस घटना से आहत प्रबल ने रविवार सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया.
जहर खाने से पहले प्रबल ने करीब 8 मिनट 6 सेकंड का एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने अपनी पत्नी स्नेहा गुप्ता, ससुर राजन गुप्ता, साले सार्थक गुप्ता, ताई रीना गुप्ता और अन्य रिश्तेदारों को अपनी इस हालत के लिए जिम्मेदार ठहराया. वीडियो में उसने अपनी आपबीती भी सुनाई.
सीएम योगी ने दीपोत्सव को लेकर लिखी पाती, प्रदेशवासियों से की अपील
सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर लगाए गंभीर आरोप
अपने वीडियो में, प्रबल ने बोला, "मेरा सुप्रीम कोर्ट और सरकार से यही निवेदन है. मेरी पत्नी स्नेहा गुप्ता उनके पिता राजन गुप्ता उनका भाई सार्थक गुप्ता उनकी ताई रीना गुप्ता सख्त से सख्त कारवाई की जाए... और मेरी बेटी राघवी गुप्ता की कस्टडी मेरे माता-पिता को दी जाए..."
प्रबल ने अपने वीडियो में आरोप लगाया कि उस पर लगातार परिवार से अलग रहने का दबाव बनाया जा रहा था. रिश्ता बचाने के लिए वो छह महीने तक अपने घर से अलग भी रहा लेकिन, इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ. पत्नी ने मेरी मां के साथ भी दुर्व्यवहार किया और उन पर हाथ उठाया.
जिसके बाद प्रबल सदर थाना क्षेत्र में बेहोशी की हालत में मिला. स्थानीय लोगों ने उसे कंकरखेड़ा स्थित कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया, जहां रविवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
बेटे की मौत के बाद पिता को भी हार्ट अटैक
प्रबल की मौत के बाद पिता राजीव गुप्ता को हार्ट अटैक आ गया. फिलहाल उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस घटना ने पुलिस काउंसलिंग की प्रक्रिया और उसमें पुलिसकर्मियों के कथित व्यवहार पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस जल्द ही प्रबल की पत्नी और ससुराल पक्ष से भी पूछताछ कर सकती है. आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
