राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब इलाके में सीतापुर हाईवे पर बुधवार देर रात कई दुकानों में भीषण आग लग गई. जिससे लाखों रुपयों का नुक़सान हो गया. दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया. आग की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुँच गई, कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. 

Continues below advertisement

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक सीतापुर हाईवे पर ये आग बुधवार देर रात एक दुकान में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और दुकानों में रखा सामान धूं-धूकर जलने लगा. आग की लपटें दूर-दूर तक देखी जा सकती थी. आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी. 

सीतापुर हाइवे पर कई दुकानों में लगी आग

रात क़रीब 11.45 बजे दमकल विभाग को सूचना मिली, जिसके बाद कई दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँच गए और आग बुझाने का काम तेजी से शुरू किया गया. फायर स्टेशन अधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था. आग इतनी तेज थी कि मदद के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी गाड़ियां बुलानी पड़ी. 

Continues below advertisement

आग में लाखों का सामान जलकर राख

कई घंटों की कड़ी मशक़्क़त के बाद आग पर काबू पाया गया. इस आग में दुकानों का सारा सामान जलकर राख हो गया. ग़नीमत ये रही है कि किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है. दमकल विभाग ने आसपास के इलाकों को समय रहते खाली करा लिया था, जिससे आग आगे बढ़ने से रुक गई. 

इस आग में लाखों रुपयों का नुक़सान हो गया है. दमकल विभाग के अधिकारी ने कहा कि आग की इस घटना में चार दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं.   आग पर काबू कर लिया गया है. आग कैसे लगी इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.