उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब (BKT) इलाके में प्रशासन ने बुलडोजर की कार्रवाई की. यहां मौजूद एक अवैध मस्जिद को प्रशासन से ध्वस्त कर दिया है. हाई कोर्ट के आदेश का अनुपालन करते हुए बुधवार, 1 अप्रैल की देर रात यह कार्रवाई की गई. बताया जा रहा है कि यह मस्जिद ग्रामसभा की जमीन पर बनी थी. ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी भी मौजूद रहे.
मामला बीकेटी तहसील के ग्राम अस्ति का है. यहां गाटा संख्या 648 की जमीन पर बुलडोजर एक्शन लिया गया है. आरोप है कि यह सरकारी जमीन है, लेकिन इसपर अवैध रूप से मस्जिद का निर्माण कर दिया गया. इसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मामला कोर्ट में लंबित था.
जमीन पर अधिकार साबित नहीं कर पाई मस्जिद कमेटी
कोर्ट में सुनवाई के दौरान मस्जिद कमेटी ने इस निर्माण को वैध बताने की कोशिश की, लेकिन वैध अधिकार साबित नहीं कर सकी. जब मस्जिद कमेटी की ओर से कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी, तो प्रशासन को इस अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण की मंजूरी मिल गई.
मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात
कोर्ट के आदेश के बाद लखनऊ प्रशासन ने बुलडोजर एक्शन लेने का फैसला किया और बुधवार की देर रात इस कार्रवाई को अंजाम दिया. अवैध निर्माण ध्वस्त करने की कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. भारी संख्या में स्थानीय लोग वहां आकर खड़े हो गए. विरोध की आशंका के बीच प्रशासन ने पहले ही मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर रखी थी.
लोगों का कहना है कि इस मस्जिद में भारी संख्या में लोग आते थे. लोगों का कहना था कि यहां बाहरी लोग काफी आते-जाते थे जिससे तनाव की स्थिति पैदा होने लगी थी. प्रशासन ने तनाव की आशंका को देखते हुए भी बुलडोजर कार्रवाई को जरूरी बताया. प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यह एक्शन कोर्ट के आदेश के तहत लिया गया है. आगे भी अवैध निर्माणों पर ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी. इस बुलडोजर एक्शन के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.
