उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के 'चवन्नी' वाले बयान पर तीखा हमला किया है. उन्होंने सैफई परिवार पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के एहसानों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सपा मुखिया ने जयंत चौधरी का अपमान किया है. इसके लिए उन्हें तत्काल रालोद नेता से माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि यूपी में अगड़ा, पिछड़ा और दलित तीनों भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं.
अखिलेश यादव के बयान पर साधा निशाना
केशव मौर्य ने अखिलेश यादव के बयान पर निशाना साधते हुए एक्स पर पोस्ट किया और दावा किया कि आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी का बोरिया बिस्तर समेट देगी. डिप्टी सीएम ने लिखा- "नेताजी की कमाई, सपा बहादुर ने गंवाई. यह सोलह आने सच है. लेकिन, इस छटपटाहट ने सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव का मनोबल ऐसा तोड़ा है कि अपनी ज़ुबान से अगड़ा, पिछड़ा और दलितों में किसी पर भी अपनी लाठी चला देते हैं."
डिप्टी सीएम ने लिखा-"अब केंद्रीय मंत्री श्री जयंत चौधरी जी पर घटिया बयान देकर अपनी उसी छटपटाहट को उजागर कर दिया जबकि 'भारत रत्न' चौधरी चरण सिंह जी का सैफई परिवार पर इतना कर्ज है कि सपा बहादुर उसे चुका नहीं सकते. सपा बहादुर को श्री जयंत चौधरी जी से तुरंत माफी मांगनी चाहिए. उनकी छटपटाहट इसमें भी है कि अगड़ा-पिछड़ा-दलित की ‘त्रिवेणी’ भाजपा के साथ है. इसमें कोई शक नहीं है कि उत्तर प्रदेश की जनता जातिवाद व मुस्लिम तुष्टीकरण में डूबी सपा का बोरिया-बिस्तर समेटकर 2027 में उसे सैफई भेज देगी."
सुशांत गोल्फ सिटी का अधूरा विकास कार्य पूरा करेगा LDA, टेकओवर की तैयारी तेज
जाट समाज से माफी मांगे अखिलेश- मायावती
इससे पहले बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी अखिलेश यादव के चवन्नी से रुपया बनाने वाले बयान की निंदा करते हुए इसे जाट समाज का अपमान बताया है. उन्होंने सपा मुखिया को अहंकारी और अलोकतांत्रिक बताया और कहा कि सपा मुखिया को इसके लिए पूरे जाट समाज से माफी मांगनी चाहिए.
'जाट समाज से माफी मांगें अखिलेश', जयंत चौधरी के समर्थन में बोलीं मायावती
